परिसीमन बिल पर चंद्रबाबू नायडू ने किया मोदी सरकार का समर्थन, बोले- हर राज्य में 50% तक बढ़ेंगी सीटें

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की चर्चा के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। इसी बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव का समर्थन करने का ऐलान किया है। शुक्रवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नायडू ने कहा कि परिसीमन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फैसला ऐतिहासिक है और वह इसका समर्थन करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पिछले करीब तीन दशक से लंबित है। नए परिसीमन विधेयक के लागू होने के बाद अब हर राज्य में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा की सीटों में भी 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो जाएगी।

चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन विधेयक को बताया ऐतिहासिक फैसला

सीएम नायडू ने कहा कि दक्षिण भारत ने शुरुआत से ही परिवार नियोजन पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि अगर हम गरीबी हटाएंगे, तो जनसंख्या पर नियंत्रण पा सकेंगे.” नायडू ने कहा कि एनडीए सरकार की ओर से सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने के फैसले से वह खुश हैं।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुए परिसीमन का भी जिक्र किया। नायडू के मुताबिक, उस समय अटल बिहारी वाजपेयी ने स्पष्ट किया था कि दक्षिण भारत के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।

1971 से अब तक आबादी बढ़ी, लेकिन लोकसभा सीटों में मामूली इजाफा

चंद्रबाबू नायडू ने देश की आबादी और लोकसभा में प्रतिनिधित्व के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 1971 में भारत की जनसंख्या करीब 54 करोड़ थी और लोकसभा में 542 सीटें थीं। इसके बाद वर्ष 2001 में आबादी बढ़ने के बावजूद लोकसभा की सीटों की संख्या में केवल एक सीट का इजाफा हुआ। वहीं, आज देश की आबादी बढ़कर करीब 147 करोड़ हो चुकी है।

नायडू ने बताया कि 1971 में प्रत्येक 10 लाख की आबादी पर एक सांसद था। वर्ष 2001 में यह आंकड़ा बढ़कर 19 लाख आबादी पर एक सांसद हो गया, जबकि वर्तमान में करीब 27 लाख लोगों पर एक सांसद है। उन्होंने इन आंकड़ों के जरिए लोकसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।

विपक्षी दलों से नायडू का सवाल, महिला आरक्षण के लिए बताया सही समय

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने विपक्षी दलों से सवाल करते हुए कहा कि पिछले 30 वर्षों से सभी राजनीतिक दल इस मुद्दे पर आम सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में आरक्षण देने के लिए अब सही समय आ गया है।

नायडू ने परिसीमन और महिला आरक्षण को एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए केंद्र सरकार के प्रस्ताव के प्रति अपना समर्थन दोहराया। उनके बयान से साफ है कि परिसीमन विधेयक को लेकर एनडीए के भीतर समर्थन मजबूत करने की कोशिश जारी है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर अपनी आपत्तियां उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *