करोड़ों की प्रॉपर्टी और 2 करोड़ के इंश्योरेंस का लालच! पति-बेटे को Slow Poison देने के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां करोड़ों रुपये की संपत्ति और इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लालच में एक महिला पर अपने ही पति और परिवार के अन्य सदस्यों को धीमा जहर देने का आरोप लगा है। मामले में थाना इंदिरापुरम पुलिस ने वांछित आरोपी पत्नी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 24 नवंबर को इंदिरापुरम थाने में वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी पत्नी रेनू भटनागर और पत्नी के परिजन मिलकर उन्हें, उनके बेटे वंश भटनागर और भांजे देव भटनागर को जान से मारने के इरादे से धीमा जहर दे रहे थे।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार

सुशील कुमार भटनागर की शिकायत के आधार पर इंदिरापुरम थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रेनू भटनागर पत्नी सुशील भटनागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला दिल्ली के विवेक विहार थाना क्षेत्र की झिलमिल कॉलोनी स्थित ए-183 जीएफ की निवासी है।

पूछताछ में पति की संपत्ति और इंश्योरेंस का किया जिक्र

पुलिस पूछताछ के दौरान रेनू भटनागर ने कथित तौर पर बताया कि उसके पति की करीब 5 से 6 करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी है। इसके अलावा पति के नाम पर 2 करोड़ रुपये का इंश्योरेंस भी है, जिसमें वह नॉमिनी है।

आरोपी महिला के मुताबिक, उसने सोचा था कि पति की मौत के बाद सारी संपत्ति और रकम उसकी हो जाएगी। इसी लालच में उसने अपने पति और अन्य लोगों को जान से मारने के इरादे से धीमा जहर दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *