उत्तर प्रदेश में ‘राधे-राधे’ के नारे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ‘जय श्रीराम’ का नारा लगता है तो कौन घबराता है और अब ‘राधे-राधे’ का उद्घोष हो रहा है तो किसे परेशानी हो रही है? उन्होंने कहा कि राधे-राधे केवल एक नारा नहीं, बल्कि भक्ति की भावना व्यक्त करने का माध्यम है। वहीं, इस मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव को घेरा है।
‘राधे-राधे कमल खिला दे’ बयान पर केशव मौर्य का पलटवार
केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जैसे हम लोगों ने कहा कि राधे-राधे कमल खिला दे तो उनको अपनी पंचर साइकिल नहीं दिखाई देती है, उनको कमल मुरझाया हुआ दिखाई दे रहा है तो उनकी आंखों में दोष है. अपनी आंखों का इलाज कराएं. कमल खिला हुआ है. कमल खिलने जा रहा है और 2047 तक सपा आने वाली नहीं है. भारतीय जनता पार्टी सत्ता से जाने वाली नहीं है. जनता के आशीर्वाद प्रचंड बहुमत से हम लोग तीसरी बार सरकार बनाएंगे.”
‘जय श्रीराम और राधे-राधे दोनों गूंजेंगे’
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले सपा को ‘जय श्रीराम’ के नारे से परेशानी होती थी और अब ‘राधे-राधे’ के उद्घोष पर भी आपत्ति जताई जा रही है।
उन्होंने कहा, “अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ गूंजता है तो ब्रज में लोग ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं. सपा बहादुर को ये साफ़ करना चाहिए कि अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा क्या?”
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी साधा निशाना
केशव मौर्य ने अपने बयान में आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “तुष्टिकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले, ‘जय श्रीराम’ भी गूंजेगा और ‘राधे-राधे’ भी. 2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का ‘सपना’ फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार ‘कमल’ खिलेगा!”
ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव को घेरा
‘राधे-राधे’ के नारे पर अखिलेश यादव की टिप्पणी को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा प्रमुख पर सनातन संस्कृति की समझ और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर सवाल उठाए।
ब्रजेश पाठक ने कहा, “अगर अखिलेश जी को सनातन संस्कृति की थोड़ी भी बुनियादी जानकारी होती तो उनके कार्यकाल में उनकी पार्टी निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश नहीं देती. वह निश्चित रूप से अयोध्या जाकर प्रभु रामलला का आशीर्वाद लेते. वह भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लेने के लिए कृष्ण जन्मभूमि भी जाते. वह तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं. उन्हें राम-राम या राधे-राधे से क्या लेना-देना है?”