समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंच चुके हैं. बुधवार देर रात रामपुर पहुंचने पर उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया. आजम खान ने कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव महज चुनाव नहीं, बल्कि ‘इंकलाब’ होगा. उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है. अब प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
केशव प्रसाद मौर्य ने आजम खान पर कसा तंज
आजम खान के ‘इंकलाब’ वाले बयान को लेकर मीडिया ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से सवाल किया. इस पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “कहने दो अब इंकलाब हो चाहें इंतकाम हो उनका क्या है या उनके मन में क्या है वह तो वही जानें, लेकिन समाजवादी पार्टी आने वाली नहीं है और भारतीय जनता पार्टी जाने वाली नहीं है.”
केशव मौर्य के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी के रूप में देखा जा रहा है.
ब्रजेश पाठक ने आजम खान और सपा नेताओं पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं की विचारधारा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी के लोग चाहे आजम खान हो या अन्य नेता हों. जिस ढंग से भारत मां को डायन कहने वाले लोग, भीमराव आंबेडकर को भूमाफिया कहने वाले लोग, इनकी मानसिकता भारत की संस्कृति के खिलाफ है.”
उन्होंने आगे कहा, “उत्तर प्रदेश के गुंडे माफियाओं को पुष्पित-पल्लवित करने वाली पार्टी प्रदेश में कभी भी स्वीकार नहीं होगी.”
‘आजम खान निकलें या इनका और कोई पहलवान निकले’
ब्रजेश पाठक ने आगे कहा, “चाहें आजम खान निकलें या इनका और कोई पहलवान निकले. अब उत्तर प्रदेश के आम जनमानस ने गुंडे माफियाओं को रिजेक्ट कर दिया है. अब इनकी उत्तर प्रदेश में दाल गलने वाली नहीं है.”
बीजेपी की चुनावी संभावनाओं को लेकर उन्होंने दावा किया, “तीसरी बार दोबारा से बीजेपी प्रचंड बहुमत से आ रही है.”
यूपी की कानून व्यवस्था और विकास को लेकर क्या बोले डिप्टी सीएम?
ब्रजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश में विकास और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश आज डेवलप्ड स्टेट के रूप में पूरे राष्ट्र में जाना जा रहा है और यूपी के लोगों ने नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं पर लगातार मुहर लगाई है. यूपी में लॉ एंड ऑर्डर पूरे देश में चर्चा का विषय है.”
डिप्टी सीएम ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, “यूपी आज बीमारू राज्य के कलंक में नहीं बल्कि रेवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में जाना जा रहा है.”
आजम खान के ‘इंकलाब’ वाले बयान के बाद बीजेपी नेताओं की इन प्रतिक्रियाओं ने उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल को गरमा दिया है.