UP के 5 लाख घरों की छत पर लगेंगे Solar Panel, योगी सरकार की ₹3,750 करोड़ की बड़ी योजना तैयार

उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के 5 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। इसके लिए उपयोगिता आधारित एकत्रीकरण (ULA) मॉडल के तहत केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इस परियोजना से प्रदेश में करीब 750 मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता विकसित होने की उम्मीद है।

5 लाख घरों में अलग-अलग क्षमता के लगेंगे सोलर प्लांट

प्रस्तावित योजना के अनुसार, कुल 5 लाख घरों में से 50 प्रतिशत घरों पर 1 किलोवाट और बाकी 50 प्रतिशत घरों पर 2 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इस पूरी परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 3,750 करोड़ रुपये रखी गई है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की ओर से वित्तीय सहायता दिए जाने का प्रस्ताव है।

योजना को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL), उसकी विभिन्न विद्युत वितरण कंपनियों (DISCOMs) और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) के आपसी समन्वय से लागू किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना और उनके बिजली बिल का बोझ कम करना है। साथ ही, प्रदेश में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। ULA मॉडल के जरिए बड़े स्तर पर एकीकृत तरीके से सोलर संयंत्रों की स्थापना का रास्ता भी आसान होगा।

रूफटॉप सोलर स्थापना में उत्तर प्रदेश देश में नंबर-1

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत संचयी रूफटॉप सोलर स्थापनाओं के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में अब तक कुल 9,62,866 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

यह उपलब्धि प्रदेश में सौर ऊर्जा के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे और सरकार के प्रयासों को दर्शाती है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों और बिजली वितरण कंपनियों के बीच बेहतर तालमेल ने भी इस दिशा में अहम भूमिका निभाई है।

31 मार्च 2027 से पहले कर लें आवेदन, मिलेगी ₹1.08 लाख तक सब्सिडी

उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सौर ऊर्जा की संभावनाओं को देखते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति उपभोक्ताओं की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे योजना की निर्धारित अंतिम तिथि 31 मार्च 2027 से पहले आधिकारिक पीएम सूर्य घर पोर्टल पर आवेदन कर दें।

योजना के तहत पात्र उपभोक्ता अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की केंद्रीय और राज्य सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। इस आर्थिक सहायता से घरों पर सोलर संयंत्र लगवाना आसान होगा। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा का लाभ भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *