राहुल गांधी ने साझा किया पिता राजीव गांधी का 36 साल पुराना पत्र, लिखी थी ऐसी बात जो आज भी देती है बड़ा संदेश

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने दिवंगत पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का लिखा एक पुराना पत्र सार्वजनिक किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस पत्र को साझा करते हुए राहुल गांधी ने बताया कि उनके पिता ने उन्हें हर जीव के साथ प्रेम और सम्मान से पेश आने की सीख दी थी। राजीव गांधी का यह पत्र 7 फरवरी 1990 को लिखा गया था। इसमें उन्होंने सहानुभूति, सद्भावना और दूसरों की भावनाओं को सम्मान देने का संदेश दिया था।

राहुल गांधी ने पत्र साझा करते हुए लिखा, ‘यह मेरे पिता की दी गई सीख की अच्छी झलक है कि हर जीव के साथ प्रेम और सम्मान से व्यवहार करना चाहिए.’

राजीव गांधी ने 7 फरवरी 1990 को लिखे पत्र में क्या कहा था?

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने यह पत्र 7 फरवरी 1990 को किशोर आजवानी के नाम लिखा था। पत्र में उन्होंने बताया था कि किशोर आजवानी के पत्र को पढ़ने वाले लोगों ने न तो उनका मजाक उड़ाया और न ही उन्होंने खुद ऐसा किया। राजीव गांधी ने पत्र में लिखा था, ‘प्रिय किशोर आजवानी, जिन लोगों ने आपका पत्र पढ़ा और उसे मेरे पास भेजा, उनमें से किसी ने भी आप पर हंसी नहीं उड़ाई और न हीं मैंने, जब मैंने व्यक्तिगत रूप से आपका पत्र पढ़ा.’

उन्होंने आगे लिखा था, ‘किसी का भी समय इतना कीमती नहीं हो सकता कि वह शुभकामनाओं और सहानुभूति के लिए समय न निकाल सके. जिस भी व्यक्ति के मन में सहानुभूति और सद्भावना की भावनाएं हों और साथ ही उन्हें व्यक्त करने के लिए लिखने का साहस भी हो, वह कभी भी किसी भी सूरत में महत्वहीन व्यक्ति नहीं हो सकता है. शुभकामनाओं सहित, राजीव गांधी.’

इस पत्र के जरिए राजीव गांधी ने यह संदेश दिया था कि किसी की भावनाओं और शुभकामनाओं को कभी महत्वहीन नहीं समझना चाहिए। राहुल गांधी ने भी इसी सीख को सामने रखते हुए अपने पिता के पत्र को सोशल मीडिया पर साझा किया।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को फिर दी डिबेट की चुनौती

राजीव गांधी का पत्र साझा करने से पहले राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री उनके साथ बहस करने से बच रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं इस बात को लगातार दोहरा रहा हूं कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुझसे डिबेट करने के लिए आते हैं, तो उनका राजनीतिक करियर पूरी तरह से खत्म हो जाएगा. ये बात वो जानते हैं और मैं भी जानता हूं. वो मुझे बार-बार देश-विरोधी कहते हैं, तो मैं भी पूरे देश को दिखाना चाहता हूं कि आखिर वास्तविकता में देश-विरोधी कौन है! कौन किसके और कब से कंट्रोल में हैं और उन्हें यह सच्चाई पता है.’

राहुल गांधी ने कहा- प्रधानमंत्री के मन में है डर

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी के व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री अब उनके खिलाफ बयान देने और उन पर हमला करने से बच रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, ‘इस बात पर भी ध्यान दीजिए कि उनके मन में डर है, क्योंकि अब वो मेरे ऊपर कोई भी टिप्पणी नहीं कर रहे हैं. मुझ पर हमले नहीं कर रहे हैं. वो बहुत ही सावधानी बरत रहे हैं, जिसके पीछे एक बहुत बड़ा कारण है.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *