UP News: योगी सरकार की डिजिटल पहल से बेटियों को फायदा, 80 हजार से ज्यादा छात्राएं Khan Academy से जुड़ीं

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बालिका शिक्षा को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षण संसाधनों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) की छात्राओं को खान एकेडमी के जरिए गणित और विज्ञान की पढ़ाई में अपनी दक्षता बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। डिजिटल अभ्यास के माध्यम से छात्राएं नियमित रूप से इन विषयों के कौशल सीख रही हैं और निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

UP के 96% कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय Khan Academy से जुड़े

खान एकेडमी की 1 से 15 अक्टूबर तक की मध्य-माह प्रदर्शन रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के 96 प्रतिशत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय इस डिजिटल मंच पर पंजीकृत हो चुके हैं। प्रदेश में कुल 80,078 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 66,996 के अकाउंट सक्रिय हो चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 30,503 छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत पूरा कर लिया है। यह पहल छात्राओं की विषयगत समझ बढ़ाने, नियमित अभ्यास की आदत विकसित करने और पढ़ाई में उनकी दक्षता मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सहारनपुर, गाजियाबाद और खीरी की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

खान एकेडमी की रिपोर्ट में प्रदेश के कुछ जिलों की छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जनपदवार आंकड़ों के अनुसार, सहारनपुर में 92 प्रतिशत, गाजियाबाद में 89 प्रतिशत और खीरी में 81 प्रतिशत छात्राओं ने अपने मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत हासिल किया है। इन जिलों के परिणाम बताते हैं कि डिजिटल शिक्षण संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और नियमित अभ्यास के जरिए छात्राओं को पढ़ाई के निर्धारित लक्ष्यों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

गणित और विज्ञान में दक्षता बढ़ाने पर जोर

खान एकेडमी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को गणित और विज्ञान में बेहतर बनाना है। तय मासिक लक्ष्य के तहत प्रत्येक छात्रा को दोनों विषयों में कम से कम चार-चार कौशलों में प्रोफिशिएंट या मास्टर्ड (Proficient/Mastered) स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अभ्यास के जरिए छात्राएं अपनी कमजोरियों को समझ सकती हैं और विषयों पर अपनी पकड़ मजबूत कर सकती हैं। इससे पढ़ाई को अधिक सहज, रोचक और परिणाम आधारित बनाने में मदद मिलती है।

बेटियों को आधुनिक शिक्षा के अवसर देने पर योगी सरकार का फोकस

योगी सरकार प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ आधुनिक शिक्षण संसाधनों तक उनकी पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है। खान एकेडमी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म छात्राओं को गणित और विज्ञान में अपनी क्षमताएं निखारने का अवसर दे रहे हैं। नियमित अभ्यास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय स्तर पर प्रोत्साहन के जरिए छात्राओं को तय शैक्षिक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिल सकती है। यह पहल बालिका शिक्षा को तकनीक और बेहतर सीखने के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

संदीप सिंह और मोनिका रानी ने क्या कहा?

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा संदीप सिंह ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शिक्षण संसाधनों के बेहतर अवसर मिलें. खान एकेडमी के माध्यम से गणित और विज्ञान में उनकी दक्षता विकसित करने की पहल बालिका सशक्तीकरण को नई दिशा देती है.

वहीं, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि खान एकेडमी के माध्यम से छात्राओं को गणित और विज्ञान के कौशल विकसित करने के लिए डिजिटल अभ्यास का अवसर मिल रहा है. हमारा प्रयास है कि विद्यालयों में इस मंच का प्रभावी उपयोग हो और अधिकाधिक छात्राएं निर्धारित शिक्षण लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *