BJP Rajya Sabha List के बाद विकास किशोर की पोस्ट से मचा सियासी हलचल, लिखा- ‘मां और बाप का मान और सम्मान न हो…’

उत्तर प्रदेश में बीजेपी की ओर से राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर की सियासत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे और बीजेपी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर की एक फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

विकास किशोर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “जिस परिवार में माँ और बाप का मान और सम्मान न हो, उस परिवार में नहीं रहना चाहिए!” उनकी इस पोस्ट को राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सामने आने के कारण राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है।

पोस्ट के अंत में लिखा- जय अंबेडकर, जय संविधान, जय पारख

विकास किशोर ने फेसबुक पोस्ट के आखिर में “जय अंबेडकर, जय संविधान, जय पारख” भी लिखा है। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

हालांकि, पोस्ट में विकास किशोर ने किसी व्यक्ति या राज्यसभा उम्मीदवार का नाम लेकर कोई सीधा उल्लेख नहीं किया है। ऐसे में उनके संदेश का वास्तविक संदर्भ क्या है, यह स्पष्ट तौर पर सामने नहीं आया है।

राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद आई पोस्ट

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद ही विकास किशोर की यह पोस्ट सामने आई है। इसी वजह से उनकी पोस्ट को बीजेपी की राज्यसभा सूची से जोड़कर देखा जा रहा है।

विकास किशोर बीजेपी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे हैं। उनकी इस सोशल मीडिया पोस्ट ने राज्यसभा चुनाव के बीच पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चा को और बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *