Jamui Encounter: मुख्य आरोपी नंदन को पुलिस ने मारी गोली, भागने के दौरान हुआ एनकाउंटर

बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद नंदन को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस मामले में एक अन्य आरोपी हरेराम यादव का पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है।

मड़वा पहाड़ में छिपा था नंदन, घेराबंदी के बाद हुई मुठभेड़

बताया जा रहा है कि जमुई कांड का मुख्य आरोपी नंदन यादव घटना वाले इलाके मड़वा पहाड़ में छिपा हुआ था। पुलिस को उसके वहां मौजूद होने की जानकारी मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। इसी दौरान पुलिस और नंदन के बीच मुठभेड़ हो गई और उसके बाएं पैर में गोली लग गई।

इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को पकड़ चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद घायल नंदन को पुलिस ने इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया।

वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स कौन है?

जमुई कांड से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बताया जा रहा है कि वीडियो में भगवा गमछे से चेहरा ढककर दिखाई देने वाला शख्स नंदन यादव ही है। वीडियो में वह लड़की को गोद में उठाकर दौड़ता हुआ दिखाई देता है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इस पहचान को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।

जमुई के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा है कि पूरे मामले की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी जाएगी। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

एक अन्य आरोपी हरेराम यादव का टूटा पैर

मामले में नंदन यादव के अलावा हरेराम यादव नाम के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि हरेराम का पैर टूटा हुआ है। उसे गोली लगी है या नहीं, इसकी फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। नंदन यादव और हरेराम यादव दोनों के बालिग होने की बात कही जा रही है।

बीजेपी ने एनकाउंटर पर क्या कहा?

नंदन यादव के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ को लेकर बिहार बीजेपी के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि जमुई कांड का मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान मुठभेड़ में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। उनके मुताबिक, इस मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

कुंतल कृष्ण ने कहा कि बहुत जल्द सारे आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने कहा, “ऐसे जानवरों के लिए सभ्य समाज में जगह नहीं है. स्पष्ट है कि बिहार में रहना है तो अपराध छोड़ दो नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *