नई दिल्ली: NEET परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय थलापति ने केंद्र सरकार से NEET परीक्षा को पूरी तरह समाप्त करने की मांग की है। उनकी पार्टी का कहना है कि परीक्षा लागू होने के बाद से इसकी विश्वसनीयता लगातार सवालों के घेरे में रही है और हर साल बड़ी संख्या में छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
TVK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि “नीट परीक्षा लागू होने के बाद से न केवल इसकी विश्वसनीयता धूमिल रही है, बल्कि छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं और उनके भविष्य के सपने एक बड़े प्रश्नचिह्न में तब्दील हो गए हैं.”
पार्टी ने आगे कहा कि “नीट परीक्षा के कारण हर साल छात्रों को होने वाला नुकसान थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसलिए, हम केंद्र सरकार से नीट परीक्षा को पूरी तरह से समाप्त करने की पुरजोर मांग करते हैं.”
राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने पर भी TVK ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
TVK ने अपने बयान में कहा, “दिल्ली में युवाओं के अहिंसक विरोध प्रदर्शन के समर्थन में मैदान में उतरे लोकसभा विपक्ष के नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस द्वारा घसीटकर हथकड़ी लगाकर ले जाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर एक खुला हमला है. यह घोर निंदनीय है.”
गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि NEET पेपर लीक मामले में विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई और उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। बाद में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता सुप्रिया सुले भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विपक्षी नेताओं को वहां से हटाकर हिरासत में ले लिया।