उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच नेताओं के समर्थकों के अनोखे किस्से भी चर्चा का विषय बनने लगे हैं। इस बार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के एक जबरदस्त प्रशंसक ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आजमगढ़ में एक युवक अपने सीने पर डिंपल यादव का टैटू बनवाकर अखिलेश यादव से मिलने पहुंचा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अखिलेश यादव का काफिला रोककर की डिंपल यादव से मिलवाने की मांग
हाल ही में अखिलेश यादव आजमगढ़ के दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने उनके काफिले को रोक लिया और उनसे मिलने की कोशिश की। युवक ने अखिलेश यादव से कहा, “भईया, आपने डिंपल भाभी से मिलवाने का वादा किया था.” इसके बाद वह लगातार उनसे डिंपल यादव से एक बार मुलाकात कराने की गुजारिश करता रहा।
वायरल वीडियो में दिखा सीने पर डिंपल यादव का टैटू
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि अखिलेश यादव अपने समर्थकों से घिरे हुए हैं। इसी दौरान एक युवक शर्ट के बटन खोलकर अपने सीने पर बनवाया गया डिंपल यादव का टैटू दिखाता नजर आता है। वह बार-बार अखिलेश यादव से अनुरोध करता है कि उसकी मुलाकात डिंपल यादव से करवा दी जाए।
डिंपल यादव के समर्थकों की संख्या लगातार चर्चा में
मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में समर्थक हैं। इससे पहले भी उनके प्रशंसकों से जुड़े कई दिलचस्प मामले सामने आ चुके हैं। राजनीतिक कार्यक्रमों और सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों का उत्साह अक्सर देखने को मिलता है।
औरैया में भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला
इससे पहले उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से भी समाजवादी पार्टी के समर्थकों का एक अनोखा मामला सामने आया था। यहां सपा कार्यकर्ता रामपाल यादव और उनकी पत्नी प्रीति यादव अखिलेश यादव और डिंपल यादव को भगवान की तरह पूजते हैं। प्रीति यादव ने अपनी बाजू पर डिंपल यादव का टैटू बनवाया है, जबकि रामपाल यादव ने अपने सीने पर अखिलेश यादव का टैटू गुदवाया हुआ है।