पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर मायावती का बड़ा बयान, योगी सरकार से की ये खास अपील

Mayawati ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से हुए नुकसान को लेकर चिंता जताई है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख ने राज्य सरकार से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर गरीब, मेहनतकश और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है, ऐसे में सरकार को राहत देने के लिए सार्थक कदम उठाने चाहिए।

सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार को दी सलाह

बसपा सुप्रीमो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ज़बरदस्त आंधी-तूफान से हुई जान-माल की भारी तबाही से प्रभावित लोगों/परिवारों की मदद के लिए राज्य सरकार को अपनी पूरी उदारता बरतते हुये हर प्रकार से उनके सहयोग के लिये आगे आना चाहिये ताकि वे लोग अपने उजड़े/बिखरे हुये पारिवारिक जीवन को समेट कर दोबारा से अपनी ज़िन्दगी शुरू कर सकें.”

उन्होंने आगे कहा, “इसके साथ ही, ख़ासकर पेट्रोलियम पदार्थों आदि, इन आवश्यक वस्तुओं के मूल्य में अनवरत वृद्धि को जारी रखते हुये केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोल व डीज़ल आदि की क़ीमत में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करोड़ों ग़रीबों व मेहनतकश परिवारों, खेती-किसानी आदि के साथ-साथ मिडिल क्लास के जीवन को भी बुरी तरह से प्रभावित करेगा.”

महंगाई कम करने के लिए उठाने होंगे कदम

मायावती ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ेगा और आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित होगा।

उन्होंने कहा, “इसीलिये सरकार को महंगाई व जीवन दुष्कर करने वाली इस प्रकार की नियमित वृद्धि को कम करने के लिए ज़रूरी सार्थक क़दम उठाने चाहिये, यही समय की माँग है.”

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच शुक्रवार को पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसका असर खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।

बढ़ती तेल कीमतों से परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

यूपी में आंधी-तूफान से भारी नुकसान

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हाल ही में आए आंधी-तूफान से बड़े स्तर पर जान-माल का नुकसान हुआ है। खराब मौसम की वजह से 90 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 118 से अधिक घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस बीच Yogi Adityanath ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *