West Bengal CM: CM बनते ही शुभेंदु अधिकारी का बड़ा संदेश, बोले- अब बंगाल में किसी को डरने की जरूरत नहीं

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को राज्य का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में उनके नाम का ऐलान किया, जिसके बाद शुभेंदु अधिकारी का पहला रिएक्शन भी सामने आ गया। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत का फल मिला है और अब बंगाल में डर और हिंसा की राजनीति खत्म होगी।

CM बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी का पहला बयान

मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय होने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की, जिसके कारण यह ऐतिहासिक जनादेश मिला।

उन्होंने कहा, “हम जनता की उम्मीदों पर खड़ा उतरेंगे और अब बंगाल में किसी को डरने की जरूरत नहीं है.”

शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि बीजेपी सरकार बंगाल के गौरव को वापस लाने का काम करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी गारंटियों को पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “मैं बंगाल में भाषण कम दूंगा, लेकिन काम ज्यादा करूंगा.”

संदेशखाली मामले की जांच का ऐलान

शुभेंदु अधिकारी ने अपने बयान में संदेशखाली मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने टीएमसी शासनकाल के दौरान कथित रूप से मारे गए 321 बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी याद किया और कहा कि नई सरकार राज्य में राजनीतिक हिंसा खत्म करने के लिए काम करेगी।

ममता बनर्जी के करीबी से बीजेपी के CM चेहरे तक का सफर

पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुभेंदु अधिकारी का सफर काफी चर्चा में रहा है। एक समय उन्हें ममता बनर्जी का सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था, लेकिन बाद में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया और टीएमसी के सबसे बड़े विरोधी चेहरों में शामिल हो गए।

बीते कुछ वर्षों में उन्होंने राज्य की राजनीति में तेजी से अपना कद बढ़ाया और अब वह बीजेपी के पहले बंगाल मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

अमित शाह ने भी टीएमसी पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा, “आज त्रिपुरा में हमारी सरकार है, असम में हमारी सरकार है और अब बंगाल में भी हमारी सरकार बनी है. घुसपैठ और गौ तस्करी असंभव होने वाली है.”

अमित शाह ने दावा किया कि बंगाल की सीमा को राष्ट्रीय सुरक्षा का मजबूत किला बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के 23 प्रशासनिक जिलों में से 9 जिलों में टीएमसी अपना खाता तक नहीं खोल पाई।

बीजेपी ने किया बड़े बदलाव का दावा

बीजेपी नेताओं का कहना है कि नई सरकार राज्य में कानून व्यवस्था, राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर बड़ा बदलाव लाएगी।

शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब पूरे देश की नजर बंगाल की नई राजनीतिक दिशा पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *