पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: रुझानों में बीजेपी आगे, टीएमसी ने संकेतों में मानी हार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) लगभग 198 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) करीब 90 सीटों पर आगे चल रही है। इन रुझानों के बीच टीएमसी की ओर से हार स्वीकारने के संकेत भी मिलने लगे हैं।

टीएमसी सांसद और ममता बनर्जी की करीबी मानी जाने वाली सायोनी घोष का बयान इस ओर इशारा करता है कि पार्टी ने स्थिति को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘ECI के अंतिम अपलोड का इंतजार है. जॉय बांग्ला.’ इसके साथ ही उन्होंने कहा, “हम जमीन पर मौजूद हैं और जमीन पर ही बने रहेंगे.”

सायोनी घोष का पहला रिएक्शन और चुनावी भूमिका

पूरे चुनाव अभियान के दौरान सायोनी घोष, ममता बनर्जी के बाद पार्टी का प्रमुख चेहरा बनकर उभरी थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर खुलकर निशाना साधा था और दोनों नेताओं को बाहरी बताया था।

कोलकाता में मतदान के बाद सायोनी घोष ने कहा था कि सफेद साड़ी और चप्पल में ममता बनर्जी बंगाल की जनता के साथ खड़ी हैं और जनता भी उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी के हाथों से जमीन खिसक चुकी है और ममता बनर्जी चुनाव जीतेंगी, लेकिन मौजूदा रुझानों ने इस दावे को गलत साबित कर दिया है।

मुस्लिम वोट बैंक में सेंध के संकेत

बीजेपी की बढ़त ने सबसे ज्यादा चिंता टीएमसी के पारंपरिक वोट बैंक को लेकर बढ़ाई है। खासतौर पर मुस्लिम बहुल इलाकों में बीजेपी की बढ़त ने राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान खींचा है। जिन क्षेत्रों को अब तक टीएमसी का मजबूत गढ़ माना जाता था, वहां भी इस बार मुकाबला कड़ा नजर आ रहा है।

टीएमसी को कहां हुआ नुकसान?

टीएमसी को पहले से आशंका थी कि एसआईआर के कारण मुस्लिम वोटों में कमी आ सकती है, जिसका असर चुनाव परिणामों पर पड़ सकता है। इसके अलावा, इस बार हिंदू मतदाताओं की बड़ी भागीदारी भी बीजेपी के पक्ष में जाती दिख रही है।

कुछ सीटों पर कांग्रेस की मौजूदगी ने भी टीएमसी के वोट बैंक में सेंध लगाई है, जिससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा है। इन सभी कारणों ने मिलकर चुनावी समीकरण को बीजेपी के पक्ष में झुका दिया है।

बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

जैसे-जैसे रुझान स्पष्ट हो रहे हैं, बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई हिस्सों में जश्न का माहौल है। कोलकाता में बीजेपी कार्यालय के बाहर ‘कमला भोग’ और ‘झाल मुड़ी’ जैसी चीजें बांटी गईं। कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *