काम के बदले दाम नहीं दिया तो होगा काम तमाम, मजदूर दिवस पर CM योगी का सख्त संदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मजदूर दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि “काम के बदले दाम देना ही होगा, अन्यथा सरकार ऐसे लोगों का काम तमाम करेगी.”

श्रमिकों को सम्मान, योजनाओं का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. विभिन्न जिलों से आए श्रमिकों को प्रमाणपत्र और टूलकिट देकर सम्मानित किया गया. प्रदेश के 75 जिलों से चयनित 75 श्रमिकों में से पांच को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया.

इसके साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए और प्रयागराज व झांसी के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया.

‘उद्यम प्रदेश’ बना यूपी, उद्योगों में तेजी

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘उद्यम प्रदेश’ के रूप में देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है. उन्होंने बताया कि 1947 से 2017 तक जहां करीब 14 हजार उद्योग स्थापित हुए, वहीं 2017 के बाद 18 हजार से अधिक नए उद्योग लगे हैं, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं.

कोरोना काल का जिक्र, विपक्ष पर निशाना

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में जब कई नेता निष्क्रिय थे, तब सरकार ने आगे बढ़कर श्रमिकों के लिए व्यापक इंतजाम किए. प्रवासी मजदूरों को वापस लाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई और उनके भोजन व आवास का इंतजाम भी किया गया.

साथ ही राशन कार्ड बनवाकर मुफ्त राशन की सुविधा दी गई, जो अब भी जारी है.

गरीबों और श्रमिकों के लिए योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है. उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं, वहीं गरीबों को मुफ्त राशन की सुविधा भी दी जा रही है.

उन्होंने यह भी कहा कि गरीबों के अधिकारों में सेंध लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष फोकस

सीएम योगी ने बताया कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है. साथ ही जेवर (नोएडा) में एक नए कंपोजिट विद्यालय की आधारशिला रखी गई है.

स्वास्थ्य सुविधाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज मिल रहा है और बाकी पात्र श्रमिकों के लिए भी आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे. इसके अलावा दुर्घटना में मृत श्रमिकों के परिजनों को पांच लाख रुपये तक का बीमा कवर देने की व्यवस्था की जा रही है.

आवास और स्वच्छता योजनाओं से बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्षों में करोड़ों लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं और बड़ी संख्या में घरों में शौचालय बनाए गए हैं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *