देशभर में कल मनाई जाएगी ईद, बाइक स्टंट करने वालों पर सख्ती, पुलिस ने लागू किया खास सुरक्षा प्लान

देशभर में अलविदा जुमे की नमाज अदा किए जाने के बाद अब शनिवार 21 मार्च को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जॉइंट पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) बबलू कुमार ने विस्तृत जानकारी साझा की है।

सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान

ईद से पहले सामने आई कुछ घटनाओं में युवाओं द्वारा बाइक स्टंट किए जाने और हादसों की खबरों के बाद लखनऊ पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। जॉइंट पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) बबलू कुमार ने कहा, “कई खबरें सामने आई हैं जिनमें बताया गया है कि कुछ जगहों पर युवाओं ने बाइक स्टंट किए, जिससे कई हादसे हुए. इसके जवाब में, लखनऊ पुलिस ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है.”

उन्होंने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

तेज रफ्तार और स्टंट करने वालों पर होगी कार्रवाई

सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर के अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने कहा, “हमने सभी संवेदनशील जगहों (हॉटस्पॉट) की पहचान कर ली है और वहां खास टीमें तैनात की हैं; हमने बैरियर लगाए हैं और चेकिंग कर रहे हैं, ताकि तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों, बिना साइलेंसर वाली मोटरसाइकिलों और खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.”

धार्मिक स्थलों की लगातार निगरानी

पुलिस प्रशासन ने रमज़ान के पूरे महीने में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की है। इस पर उन्होंने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, कल ईद का त्योहार है, और पिछले एक महीने से, यानी रमज़ान के पवित्र महीने के दौरान, हमारे सभी थाना इंचार्ज और सीनियर अधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पड़ने वाली धार्मिक जगहों का दौरा किया है. किसी भी पुराने विवाद की जाँच-पड़ताल की गई है और उनकी समीक्षा की गई है.”

नमाज स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस ने सभी नमाज स्थलों पर सुरक्षा बल तैनात करने के साथ धार्मिक नेताओं और आयोजकों से भी संवाद स्थापित किया है। उन्होंने कहा, “हमने उन सभी धार्मिक जगहों पर पुलिस बल तैनात किए हैं जहाँ नमाज पढ़ी जाएगी.”

QRT और मोबाइल पेट्रोलिंग टीम सक्रिय

त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया, “इसके अलावा, मोबाइल पेट्रोल यूनिट बनाई गई हैं, और QRT (क्विक रिस्पॉन्स टीम) यूनिट भी तैनात की गई हैं.” पश्चिमी जोन के पुराने शहर इलाके में सेक्टर और ज़ोन के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

आयोजकों और धर्म गुरुओं से लगातार संवाद

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी सुरक्षा योजना का अहम हिस्सा है। इस पर बबलू कुमार ने कहा, “हमने पुलिस थाने और ACP स्तर पर हर आयोजक और धर्म गुरु से बात की है. और हम लगातार सोशल मीडिया पर नजर रख रहे हैं, ताकि अगर किसी भी तरह की कोई खबर फैलाई जाती है, तो हम उस पर कार्रवाई कर सकें…”

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनता के सहयोग और आपसी समन्वय से ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *