केरल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। चुनाव से पहले जनता का मूड जानने के लिए किए गए प्री-पोल सर्वे ने सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, जबकि सत्ताधारी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) के खिलाफ एंटी-इंकम्बेंसी के संकेत मिल रहे हैं।
पोल मंत्रा के प्री-पोल सर्वे में क्या सामने आया
यह प्री-पोल सर्वे ‘पोल मंत्रा’ द्वारा किया गया, जिसमें करीब 26 हजार लोगों की राय शामिल की गई। सर्वे के अनुसार UDF को 38.2% वोट शेयर मिलने का अनुमान है। वहीं LDF को 33.7% और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 20.4% वोट मिलने की संभावना जताई गई है। सर्वे में करीब 8% मतदाता ऐसे भी पाए गए जिन्होंने अभी तक अपना फैसला नहीं किया है।
मुख्यमंत्री पद के लिए किस नेता को मिल रहा समर्थन
सर्वे में नेताओं की लोकप्रियता को लेकर भी दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। UDF खेमे में वीडी सतीशन को 29.5%, केसी वेणुगोपाल को 28.2% और शशि थरूर को 23.4% समर्थन मिलता दिख रहा है। वहीं LDF की ओर से मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को 38.2% और शैलजा को 32.5% समर्थन मिलने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा चेहरे के तौर पर केसी वेणुगोपाल आगे नजर आ रहे हैं। उन्हें 46.8% लोगों ने मुख्यमंत्री के रूप में पसंद किया, जबकि पिनराई विजयन को 27.9% लोगों का समर्थन मिला।
एलडीएफ सरकार के कामकाज पर जनता की राय
सर्वे में मौजूदा एलडीएफ सरकार के प्रदर्शन को लेकर भी जनता की राय सामने आई है। इसमें 31% लोगों ने सरकार के कामकाज को बहुत खराब और 20.9% लोगों ने खराब बताया। वहीं 23.8% लोगों ने इसे बहुत अच्छा और 10.7% लोगों ने अच्छा माना।
विकास के मुद्दे पर भी UDF को बढ़त मिलती दिख रही है। प्री-पोल आंकड़ों के अनुसार विकास के नाम पर UDF को 38.9%, LDF को 27.8% और बीजेपी को 23.1% समर्थन मिला है। एनडीए नेताओं में राजीव चंद्रशेखर को 52.1% और के. सुरेंद्रन को 22.4% समर्थन मिलने की बात सामने आई है।
यह प्री-पोल सर्वे केरल के अलग-अलग जिलों में किया गया, जिसमें आयु, लिंग और समुदाय जैसे विभिन्न सामाजिक आधारों को ध्यान में रखते हुए लोगों की राय ली गई।