साल 2026 की हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में बॉक्स ऑफिस की तस्वीर अचानक बदलती नजर आ रही है। लंबे समय तक सबसे बड़ी फिल्म मानी जा रही सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ का रिकॉर्ड अब ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर तोड़ दिया है। फिल्म की जबरदस्त ओपनिंग ने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है और सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
बॉर्डर 2 का रिकॉर्ड टूटा
अब तक 2026 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को माना जा रहा था, लेकिन ‘धुरंधर 2’ ने आते ही बॉक्स ऑफिस की रेस में बड़ा उलटफेर कर दिया। ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले दिन 30 करोड़ रुपये की कमाई की थी और फिल्म को 37 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली थी। यह फिल्म देशभर में 6,078 शोज के साथ रिलीज हुई थी।
कलेक्शन की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ ने दुनियाभर में 450.18 करोड़ रुपये का लाइफटाइम बिजनेस किया। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 392.93 करोड़ रहा, जबकि ओवरसीज मार्केट से 57.25 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े सितारे नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था और खासतौर पर सनी देओल की एक्टिंग की काफी सराहना हुई थी। फिल्म का म्यूजिक भी दर्शकों को खूब पसंद आया था।
धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर किया बड़ा धमाका
वहीं ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज से पहले ही कमाई के मामले में नई मिसाल कायम कर दी है। फिल्म ने पेड प्रिव्यूज से ही 43 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया और इस दौरान 46.7 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। रिलीज के पहले दिन शाम 6:30 बजे तक फिल्म 71.08 करोड़ रुपये कमा चुकी थी।
इस तरह फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 114.08 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म से पहले दिन 200 करोड़ रुपये तक की कमाई की उम्मीद जताई जा रही है।
स्टारकास्ट और कहानी को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आ रहे हैं। फिल्म में रणवीर सिंह हमजा और जसकीरत सिंह रंगी के किरदार निभाते दिखाई दे रहे हैं, जिनका एक्शन अवतार दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
फिल्म की स्टारकास्ट में संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और सौम्या टंडन जैसे लोकप्रिय कलाकार भी शामिल हैं। रिलीज के साथ ही फिल्म सोशल मीडिया और सिनेमाघरों दोनों जगह चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है धुरंधर 2
गौरतलब है कि ‘धुरंधर 2’ साल 2025 में आई सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल है। पहली फिल्म ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और उसने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब इसका सीक्वल भी बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।