बीजेपी-कांग्रेस से परेशान हो चुकी है जनता, अहमदाबाद में गरजे अरविंद केजरीवाल, गुजरात बजट को बताया महा-धोखा

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंच चुके हैं। शनिवार (21 फरवरी 2026) को अहमदाबाद में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर सियासी तीर छोड़े। केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस मोर्चे पर उनके साथ मौजूद हैं। साल 2027 के गुजरात विधानसभा चुनावों के मद्देनजर ‘आप’ संयोजक का यह दौरा संगठन को मजबूत करने और सियासी जमीन तैयार करने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

‘बजट नहीं, यह गुजरात की जनता का अपमान है’

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने हाल ही में पेश हुए गुजरात सरकार के बजट की बखिया उधेड़ दी। उन्होंने इसे दिशाहीन और निराशाजनक बताते हुए कहा कि आम जनता को इस बजट से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, व्यापारी या महिलाओं—किसी भी तबके के लिए कुछ नहीं है। केजरीवाल ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब चुनाव आते हैं, तो सरकारें लोगों को कुछ राहत या फायदे देती हैं, लेकिन गुजरात सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है। ये बजट गड़बड़ दिखता है, ये गुजरात के लोगों के लिए अपमान है।”

‘कांग्रेस से नफरत करती है जनता, अब AAP ही विकल्प’

राज्य के राजनीतिक हालात पर निशाना साधते हुए अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि गुजरात की जनता अब कांग्रेस और बीजेपी दोनों से पूरी तरह ऊब चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोग कांग्रेस से नफरत करते हैं और सड़कों, स्कूलों व अस्पतालों के बुरे हाल के कारण बीजेपी से त्रस्त हैं। केजरीवाल ने कहा कि अब पूरे गुजरात की जनता एक मजबूत विकल्प के तौर पर ‘आम आदमी पार्टी’ की ओर देख रही है। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के लोग हमारी सरकार के काम से बेहद खुश हैं, और यही कारण है कि भारी संख्या में लोग ‘आप’ के नेताओं को सुनने और जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *