महाराष्ट्र के जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजे आ गए हैं और इन नतीजों ने विपक्ष को करारा झटका दिया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली महायुति ने चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की है. इस प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया के जरिए राज्य की जनता का आभार जताया है. पीएम मोदी ने इसे सुशासन की जीत बताया है.
महाराष्ट्र ने सुशासन को चुना: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘एक बार फिर महाराष्ट्र ने बीजेपी और महायुति को अपना समर्थन दिया है. यह साफ है कि पूरे ग्रामीण और शहरी महाराष्ट्र में राज्य के लोग सुशासन और ऐसे गठबंधन को चाहते हैं जो राज्य की गौरवशाली संस्कृति की भावना से काम करे.’
कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई
पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के जमीनी संघर्ष की सराहना की. उन्होंने अपने संदेश में आगे लिखा, ‘मैं महाराष्ट्र के अपने भाइयों और बहनों का आभार व्यक्त करता हूं. महायुति के हर कार्यकर्ता को जमीन पर अथक परिश्रम करने और महाराष्ट्र सरकार के ठोस ट्रैक रिकॉर्ड के साथ-साथ एनडीए के सुशासन के विजन को विस्तार से बताने के लिए मेरी शुभकामनाएं.’
विपक्ष सिर्फ मीडिया में जिंदा है: देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस जीत को ऐतिहासिक बताया और विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, ‘ग्रामीण महाराष्ट्र ने बीजेपी और महायुति पर विश्वास दिखाया है. इस जीत के लिए जनता और बीजेपी के कार्यकर्ताओं का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं. नगरपालिका, महानगरपालिका और जिला परिषद चुनावों में ग्रामीण क्षेत्र की जनता ने हमारे काम पर दृढ़ विश्वास जताया है. विपक्ष में लड़ने की इच्छाशक्ति ही नहीं बची है. विपक्ष केवल मीडिया में दिखाई देता है, जनता के बीच नहीं.’
12 जिला पंचायतों में महायुति का कब्जा
आंकड़ों की बात करते हुए सीएम फडणवीस ने बताया कि कैसे बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. उन्होंने कहा, ‘आज महाराष्ट्र में जिला पंचायत के चुनाव हुए. 12 जिला पंचायतों के चुनावों में 12 जगह महायुति को सत्ता मिली और फिर एक बार बीजेपी ही सबसे बड़े दल के रूप में उभरी. सबसे ज्यादा सीटें बीजेपी को मिली हैं. पंचायत समिति में भी बीजेपी वापस सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है.’