उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक बार फिर अपनी जड़ों की ओर लौट रहे हैं. खबर है कि सीएम योगी अपने पैतृक गांव पंचूर (उत्तराखंड) के दौरे पर आ सकते हैं. इस दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. बताया जा रहा है कि अपने इस दौरे के दौरान वे न सिर्फ एक निजी समारोह में हिस्सा लेंगे, बल्कि उस स्कूल में भी जाएंगे जहां से उनकी बचपन की यादें जुड़ी हुई हैं.
बचपन के स्कूल से जुड़ा है गहरा नाता
यमकेश्वर क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज, चमकोट खाल में नए बने क्लास रूम्स का लोकार्पण समारोह आयोजित होने वाला है. यह कार्यक्रम सीएम योगी के दिल के बेहद करीब माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने इसी स्कूल से कक्षा 9 की पढ़ाई की थी. अपने पुराने स्कूल में नए कमरों का उद्घाटन करना उनके लिए एक बेहद भावुक पल होगा. स्कूल मैनेजमेंट और स्थानीय लोग अपने ‘योगी’ के स्वागत के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं.
पंचूर से लेकर कोटद्वार तक, ऐसा रहा शिक्षा का सफर
सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्म पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में हुआ था. उनकी शुरुआती पढ़ाई (कक्षा 1 से 5) गांव के ही प्राइमरी स्कूल में हुई. इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई जूनियर हाई स्कूल बिथ्याणी से की. कक्षा 9 की पढ़ाई जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल से करने के बाद उन्होंने 10वीं की परीक्षा खाड़ी हाई स्कूल, नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल) से पास की. आगे की पढ़ाई के लिए वे ऋषिकेश गए और अंत में कोटद्वार महाविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
हेलिपैड तैयार, प्रशासन अलर्ट मोड पर
सीएम के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है. लॉजिस्टिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. यमकेश्वर और बिथ्याणी इलाकों में हेलिपैड तैयार किए जा रहे हैं ताकि सीएम का हेलिकॉप्टर आसानी से उतर सके. सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. हालांकि, अभी कार्यक्रम की अंतिम आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन अगर यह दौरा होता है तो यह इलाके के लोगों और शिक्षा जगत के लिए एक बड़ा अवसर होगा.