हाथ में कलावा और 300 हिंदू लड़कियों को बर्बाद करने का आरोप, AIMIM नेता का लव जिहाद वाला खौफनाक सच

उत्तर प्रदेश का बस्ती जिला इन दिनों एक बेहद सनसनीखेज धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ के मामले को लेकर चर्चा में है. यह मामला इतना गंभीर है कि इसकी गूंज अब पूरे देश में सुनाई दे रही है. पुलिस के पास पहुंची एक शिकायत ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता अजफरुल हक उर्फ प्रिंस के काले कारनामों की पोल खोल दी है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कैसे उसे हिंदू बनकर प्रेम जाल में फंसाया गया और फिर उसका जीवन नर्क बना दिया गया.

हाथ में कलावा पहनकर जीता भरोसा

घटना की शुरुआत जनवरी 2022 में हुई, जब कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता बस्ती शहर के एक निजी अस्पताल में काम करती थी. वहीं उसकी मुलाकात प्रिंस से हुई. प्रिंस ने खुद को हिंदू बताया और लड़की को उस पर शक न हो, इसके लिए वह बाकायदा अपने हाथ में कलावा पहनता था. उसने अच्छे अस्पताल में नौकरी दिलाने के बहाने युवती का मोबाइल नंबर लिया और धीरे-धीरे उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया. भरोसा जीतने के बाद उसने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लगातार दुष्कर्म किया.

घर पहुंचने पर किया गैंगरेप और भाई के अपहरण की धमकी

जब आरोपी प्रिंस पीड़िता को नजरअंदाज करने लगा, तो वह शिकायत लेकर उसके घर पहुंच गई. लेकिन यह बात आरोपी को इतनी बुरी लगी कि उसने अपने भाई और एक रिश्तेदार के साथ मिलकर युवती का गैंगरेप किया. पीड़िता का आरोप है कि अगर वह आरोपी के पास जाने से मना करती, तो उसके परिवार को प्रताड़ित किया जाता था. यहां तक कि उसके भाई को किडनैप कर लिया जाता था. थक-हारकर युवती को मजबूरन उनकी बात माननी पड़ती थी. पीड़िता के मुताबिक, अजफरुल हक उर्फ प्रिंस थाने का हिस्ट्रीशीटर है.

300 लड़कियों को विदेश में बेचने का सनसनीखेज दावा

पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि यह सिर्फ एक लड़की की कहानी नहीं है, बल्कि इस गिरोह ने सैकड़ों जिंदगियां बर्बाद की हैं. पीड़िता ने दावा किया कि आरोपी और उसके भाई हिन्दू बनकर लगभग 300 लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उन सभी का आपत्तिजनक वीडियो बना लेते थे और उसके बाद देह व्यापार के लिए देश विदेश में बेच देते थे. पीड़िता ने बताया कि आरोपी के घरवाले भी इन गुनाहों में शामिल थे और उसे भी देह व्यापार में धकेलने की पूरी कोशिश की गई थी.

मुंबई से गिरफ्तारी और एसपी का तबादला

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन एसपी अभिनंदन ने आरोपी अजफरुल हक व उसके घर वालों सहित 8 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में FIR दर्ज करने का आदेश दे दिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुंबई के बांद्रा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इन सबके बीच, शासन ने एसपी अभिनंदन का तबादला सहारनपुर कर दिया है और उनकी जगह यशवीर सिंह को बस्ती का नया एसपी नियुक्त किया है. अब उम्मीद की जा रही है कि नए एसपी इस मामले में पीड़िता को न्याय दिलाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *