कैराना/नई दिल्ली: अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर समाजवादी पार्टी (SP) की कैराना सांसद इकरा हसन ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India-US Trade Deal) को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. उन्होंने इस डील को देश के सम्मान के खिलाफ बताते हुए कहा कि अमेरिका ने भारत को “घुटनों पर लाकर” अपनी शर्तें मनवाई हैं, जिससे पूरे देश का सिर झुक गया है.
‘जलील करके मनवाई शर्तें, विदेश नीति फेल’
इकरा हसन ने सरकार की विदेश नीति को पूरी तरह विफल करार दिया. उन्होंने कहा, “इस तरह जलील करके, घुटनों पर लाकर और अपनी शर्तें मनवाकर जो डील हुई है, उससे हमारे पूरे देश का सिर झुका है.” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कमजोर नीतियों के कारण आज अर्थव्यवस्था और विदेश संबंधों पर बुरा असर पड़ रहा है.
‘पहले हम सार्क के लीडर थे, अब चीन ने ले ली जगह’
सपा सांसद ने भारत की घटती वैश्विक साख पर चिंता जताई. उन्होंने कहा, “पहले हम सार्क (SAARC) के लीडर हुआ करते थे, अब वह जगह चीन ने ले ली है. हमारी वैश्विक इज्जत घटी है. यही वजह है कि आज अमेरिका हमसे अपनी शर्तें मनवा रहा है.”
‘लोकतंत्र का गला घोटकर ‘बिगेस्ट डेमोक्रेसी’ की बात करते हैं PM’
संसद में विपक्ष के नेता (LOP) को बोलने न देने के मुद्दे पर भी इकरा हसन ने पीएम मोदी को घेरा.
- कथनी और करनी में अंतर: उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ट्वीट में ‘वर्ल्ड्स टू बिगेस्ट डेमोक्रेसी’ (दो सबसे बड़े लोकतंत्र) की बात कर रहे हैं, लेकिन यहां रोज लोकतंत्र का गला घोटा जा रहा है.”
- विपक्ष की आवाज: उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता की आवाज है और उसे दबाने के लिए एकतरफा कार्रवाई करना बेहद शर्मनाक और अलोकतांत्रिक है.