नई दिल्ली: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की रेखा गुप्ता सरकार ने अपने एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर गरीब परिवारों को बड़ी सौगात दी है. चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि अब दिल्ली में गरीबों को होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा. कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है.
कैसे मिलेगा फायदा? सीधे खाते में आएगी रकम
सीएम रेखा गुप्ता ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार सिलेंडर नहीं, बल्कि उसकी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में भेजेगी.
- राशि: पात्र लोगों के खाते में 853 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे.
- पाइपलाइन यूजर्स: जिनके घर में गैस पाइपलाइन है, उन्हें भी 853 रुपये की नकद सहायता राशि भेजी जाएगी.
- लाभार्थी: दिल्ली के करीब 17.5 लाख राशन कार्ड धारकों को इस योजना का लाभ मिलेगा.
242 करोड़ का बजट पास, इसी होली से शुरुआत
सरकार ने इस योजना के लिए खजाना खोल दिया है. कैबिनेट ने इसके लिए 242 करोड़ रुपये का फंड पास कर दिया है. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि इस योजना का लाभ इसी होली से मिलना शुरू हो जाएगा. उन्होंने कहा, “दिल्ली के परिवारों को बधाई, एक वादा आज पूरा कर रहे हैं. इसी तरह सब वादे पूरे किए जाएंगे.”
महंगाई से मिलेगी राहत
पिछले कुछ वर्षों में रसोई गैस के दामों में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों के मौके पर किसी भी गरीब परिवार को रसोई गैस की कमी या पैसों की तंगी का सामना न करना पड़े.