विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बजट, CM योगी ने की तारीफ, बताया 145 करोड़ देशवासियों की उम्मीद

लखनऊ: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार (1 फरवरी 2026) को संसद में देश का आम बजट पेश किया. इस बजट को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘नए भारत का बजट’ करार दिया है. सीएम योगी ने बजट को लाइव देखा और इसे 145 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला और अमृतकाल के लक्ष्यों का स्पष्ट ‘रोडमैप’ बताया. उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी है.

बजट 2026 पर CM योगी की 5 बड़ी बातें:

1. मेडिकल हब बनेगा वाराणसी, यूपी को बड़ी सौगात

सीएम योगी ने स्वास्थ्य क्षेत्र की घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि देश में 5 नए ‘मेडिकल हब’ स्थापित किए जाएंगे, जिनमें से एक वाराणसी में होगा. इसके अलावा, 5 क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्रों की स्थापना से भी यूपी को बड़ा लाभ मिलेगा. ‘बायोफार्मा शक्ति योजना’ से मेडिकल एजुकेशन और रिसर्च को गति मिलेगी.

2. इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को बूस्ट

बजट में पूंजीगत व्यय (Capital Expenditure) को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को सीएम ने गेम-चेंजर बताया.

  • हाई स्पीड नेटवर्क: उन्होंने कहा कि दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी जैसे दो प्रमुख मार्ग पूर्वांचल को राष्ट्रीय हाई स्पीड नेटवर्क से जोड़ेंगे, जिससे व्यापार और पर्यटन बढ़ेगा.
  • नगरीय विकास: 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने पर 100 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी. सीएम ने बताया कि लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा इसके रोल मॉडल हैं.

3. MSME और बुनकरों के लिए खुला खजाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने औद्योगिक क्षेत्रों का कायाकल्प और 10,000 करोड़ रुपये का ‘SME विकास निधि’ फंड यूपी के लघु उद्योगों को नई जान देगा.

  • वस्त्र क्षेत्र के लिए ‘टेक्स-इकॉन’ और ‘समर्थ 2.0’ जैसी योजनाएं पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के बुनकरों को ताकत देंगी.
  • सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण से यूपी ग्लोबल मैप पर उभरेगा.

4. विरासत और पर्यटन को नई पहचान

सांस्कृतिक पर्यटन पर सीएम ने खुशी जताई कि सारनाथ और हस्तिनापुर को देश के 15 प्रमुख पुरातात्विक स्थलों में शामिल किया गया है. ‘नेशनल डेस्टिनेशन डिजिटल नॉलेज ग्रिड’ के जरिए विरासत स्थलों का डिजिटल दस्तावेजीकरण किया जाएगा.

5. शिक्षा और रोजगार

उच्च शिक्षा में प्रत्येक जिले में STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग & मैथमेटिक्स) संस्थानों के लिए एक-एक छात्रावास बनाने का निर्णय युवाओं के लिए बड़ा कदम है. वहीं, मत्स्य पालन के लिए 500 जलाशयों का विकास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा.

विपक्ष ने बताया ‘निराशाजनक’ और ‘बोगस’

जहां सत्ता पक्ष ने बजट की तारीफ की, वहीं विपक्ष ने इसे सिरे से खारिज कर दिया:

  • अखिलेश यादव (सपा प्रमुख): उन्होंने कहा कि जिस सरकार से कोई उम्मीद नहीं, उसके बजट से क्या उम्मीद की जाए.
  • ममता बनर्जी (CM, प. बंगाल): उन्होंने इसे दिशाहीन और अर्थव्यवस्था को खत्म करने वाला बजट बताया.
  • डॉ. एसटी हसन: पूर्व सांसद ने बजट को ‘बोगस’ करार दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *