योगी प्रेम में दिया इस्तीफा लिया वापस, अब भाई पर लगाया मुख्तार गैंग से रिश्ते का आरोप

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में तैनात जीएसटी (GST) डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में भावुक होकर इस्तीफा देने वाले प्रशांत कुमार ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है और ड्यूटी दोबारा ज्वाइन कर ली है. हालांकि, वापसी के साथ ही उन्होंने अपने सगे भाई पर अब तक का सबसे सनसनीखेज आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया है कि उनके भाई के तार माफिया ‘मुख्तार अंसारी गैंग’ से जुड़े हुए हैं.

इस्तीफा वापस, भाई पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

27 जनवरी को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा सीएम योगी और पीएम मोदी पर की गई टिप्पणियों से आहत होकर प्रशांत कुमार ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था. लेकिन अब उन्होंने यू-टर्न लेते हुए काम पर वापसी कर ली है. ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद मीडिया से बचते हुए उन्होंने अपने भाई द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया. प्रशांत कुमार ने कहा, “मेरे भाई का संबंध मुख्तार अंसारी गैंग से है. जो भी आरोप मुझ पर लगाए जा रहे हैं, अब उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. बिना सोचे-समझे आरोप मढ़े जा रहे हैं.” उन्होंने सीएमओ (CMO) से भी जवाब तलब करने की मांग की है.

भाई ने खोली थी ‘फर्जी दिव्यांगता’ की पोल

यह मामला तब और पेचीदा हो गया था जब प्रशांत कुमार के इस्तीफे के बाद उनके ही भाई ने उनकी नौकरी पर सवाल खड़े कर दिए थे. भाई ने सीएम योगी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि:

  • प्रशांत कुमार ने नेत्रहीन (40% disability) होने का फर्जी प्रमाण पत्र बनवाकर नौकरी हासिल की है.
  • उन्होंने आंख की ऐसी बीमारी बताई जो 50 साल से कम उम्र में पूरी दुनिया में किसी को नहीं होती.
  • जन्म तिथि (Date of Birth) में भी धोखाधड़ी की गई है.
  • भाई का दावा था कि जांच और रिकवरी से बचने के लिए प्रशांत ने इस्तीफे का ‘ड्रामा’ रचा था.

बरेली के पीसीएस जैसा था मामला

बता दें कि प्रशांत कुमार का इस्तीफा बरेली के पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे के ठीक बाद आया था, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था. लेकिन अब भाई-भाई के बीच छिड़ी इस जंग और ‘मुख्तार कनेक्शन’ के दावे ने मामले को नया मोड़ दे दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *