अजित पवार के बाद एक और प्लेन क्रैश होते-होते बचा, हवा में अटकी पूर्व डिप्टी CM की जान

जयपुर: देश अभी महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत के सदमे से उबरा भी नहीं था कि राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ गई. बुधवार (28 जनवरी 2026) को जयपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक विमान की लैंडिंग फेल हो गई, जिससे हड़कंप मच गया. इस फ्लाइट में वीआईपी यात्री के तौर पर पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सवार थे. गनीमत रही कि पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और रंधावा समेत सभी यात्री बाल-बाल बच गए.

रनवे को छूते ही वापस हवा में उड़ा विमान, 10 मिनट तक अटकी रहीं सांसें

घटना दोपहर करीब 1 बजकर 5 मिनट की है. दिल्ली से जयपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-1719 लैंडिंग के लिए नीचे आई. जैसे ही विमान के पहियों ने रनवे को टच किया, पायलट को तकनीकी खराबी या रनवे की स्थिति ठीक नहीं लगी (अनस्टेबल अप्रोच). खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत फैसला लिया और विमान को लैंड कराने के बजाय वापस हवा में उड़ा लिया. इस प्रक्रिया को एविएशन की भाषा में ‘गो-अराउंड’ कहा जाता है. करीब 10 मिनट तक विमान हवा में चक्कर काटता रहा, जिससे यात्रियों की सांसें अटकी रहीं. आखिरकार दूसरी कोशिश में विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली.

क्या होता है ‘गो-अराउंड’?

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, यह एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया है. जब पायलट को लैंडिंग के दौरान किसी भी तरह की असुरक्षा महसूस होती है, तो वे रिस्क लेने के बजाय विमान को दोबारा टेक-ऑफ कर देते हैं. हालांकि, एक ही दिन में विमान से जुड़ी यह दूसरी बड़ी खबर होने के कारण यात्रियों में पैनिक की स्थिति बन गई थी.

सुबह ही हुआ है देश का बड़ा नुकसान, अजित पवार नहीं रहे

गौरतलब है कि आज (28 जनवरी 2026) का दिन भारतीय उड्डयन इतिहास के लिए काला दिन साबित हुआ है. सुबह ही महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का चार्टर्ड विमान (Learjet 45) पुणे के बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया था. उस दर्दनाक हादसे में अजित पवार, दो पायलट और दो अन्य स्टाफ समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई. विमान रनवे से फिसलकर आग के गोले में तब्दील हो गया था. अजित पवार अगले महीने 23 फरवरी को राज्य का बजट पेश करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह अनहोनी हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *