अजित पवार की मौत हादसा या गहरी साजिश? शरद पवार ने तोड़ी चुप्पी, कह दी बड़ी बात

मुंबई: एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन से पूरा देश और महाराष्ट्र की राजनीति स्तब्ध है. उनके प्लेन क्रैश को लेकर सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. इस बीच, उनके चाचा और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने पहली बार सामने आकर इस हादसे पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने उन सभी अफवाहों पर पूर्णविराम लगा दिया है, जिनमें इसे एक साजिश करार दिया जा रहा था. शरद पवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह महज एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था, इसके पीछे कोई षड्यंत्र नहीं है.

‘दुष्ट शक्तियां फैला रही हैं अफवाह, यह कोई साजिश नहीं’

अपने भतीजे को खोने के बाद शरद पवार ने भावुक होते हुए साजिश की थ्योरीज को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर समाज में भ्रम फैला रहे हैं. शरद पवार ने कहा, “आज सभी चीजें अपने हाथ में नहीं हैं. मैं आज विनायकराव से मिला. कुछ दुष्ट शक्तियां इस अपघात (दुर्घटना) के पीछे कुछ राजनीति तो नहीं है, इस प्रकार की भूमिका जानबूझकर समाज में फैला रही हैं. इसमें राजनीति नहीं है. यह केवल एक दुर्घटना है.”

‘हादसे पर राजनीति न करें, महाराष्ट्र का बड़ा नुकसान हुआ’

शरद पवार ने इस दुखद घड़ी में सभी से संयम बरतने की अपील की है. उन्होंने अजित पवार को एक बेहद मेहनती नेता बताते हुए कहा कि उनके जाने से महाराष्ट्र को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई संभव नहीं है. उन्होंने हाथ जोड़कर विनती करते हुए कहा, “इसकी पीड़ा महाराष्ट्र को और हम सभी को बहुत है. कृपया करके इसमें राजनीति न लाएं, यही मेरी विनती है.” पवार ने कहा कि जो दुर्घटना हुई है वो बहुत ही दुखद है और एक कर्मठ शख्स के जाने से राज्य को गहरा आघात लगा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *