Unnao Rape Case: कुलदीप सेंगर की जमानत पर जंतर-मंतर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, समर्थक महिला और पीड़िता के गुट में तीखी झड़प

Unnao Rape Case: उन्नाव रेप केस के दोषी और पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सजा निलंबित करने और जमानत दिए जाने के खिलाफ रविवार (28 दिसंबर, 2025) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारी हंगामा देखने को मिला। रेप पीड़िता अपने समर्थकों के साथ दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के विरोध में प्रदर्शन कर रही थीं, तभी वहां कुलदीप सेंगर के समर्थन में एक महिला के पहुंचने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी और तीखी नोकझोंक हुई।

‘आई सपोर्ट कुलदीप सेंगर’ के पोस्टर से बढ़ा विवाद

विरोध प्रदर्शन के दौरान अचानक एक महिला हाथ में ‘आई सपोर्ट कुलदीप सेंगर’ (I Support Kuldeep Senger) लिखा बैनर लेकर पहुंच गई। पुरुष आयोग की सदस्य बताई जा रही इस महिला ने वहां “रेप पर राजनीति मत करो” के नारे लगाने शुरू कर दिए। यह देखकर पीड़िता के समर्थन में जुटी महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता भड़क गए। वहां मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने जवाब में ‘शर्म करो’ के नारे लगाए, जिससे माहौल गरमा गया।

‘इन्हें मानसिक इलाज की जरूरत…’

सेंगर के समर्थन में आई महिला पर पलटवार करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है उन्हें थोड़े ट्रीटमेंट की जरूरत है. वह मानसिक रूप से मुझे ठीक नहीं लग रही हैं. उन्हें अटेंशन चाहिए इसलिए किसी भी तरह सामने आकर ऐसा कर रही हैं.”

योगिता ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश में 90 फीसदी अपराध पुरुषों द्वारा महिलाओं के विरुद्ध होते हैं और जेलों में भी पुरुष कैदियों की संख्या सर्वाधिक है। ऐसे में यह कहना कि पुरुषों के साथ गलत हो रहा है, मूर्खतापूर्ण है।

पीड़िता बोली- सुप्रीम कोर्ट पर है पूरा भरोसा

हंगामे के बीच उन्नाव रेप पीड़िता अपनी मांग पर डटी रही। वह कुलदीप सेंगर की आजीवन कारावास की सजा को निलंबित करने के दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश का विरोध कर रही है। पीड़िता ने कहा, “सभी जज एक जैसे नहीं होते हैं. मुझे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है. सुप्रीम कोर्ट मेरे साथ न्याय करेगा.” फिलहाल जंतर-मंतर पर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और पीड़िता जमानत खारिज करने की मांग को लेकर अड़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *