लखनऊ: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (25 दिसंबर, 2025) को लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का भव्य लोकार्पण किया। इस दौरान लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की कार्यशैली पर करारा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद कांग्रेस ने महापुरुषों के योगदान को भुलाकर केवल एक ही परिवार को महिमामंडित करने का काम किया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के शासन में भेदभाव की राजनीति हावी रही, जबकि भाजपा ने सरदार पटेल से लेकर बाबा साहेब अंबेडकर तक, सभी को वो सम्मान दिया जिसके वे असली हकदार थे।
‘विपक्ष ने बाबा साहेब की विरासत मिटाने की कोशिश की’
पीएम मोदी ने अपने भाषण में वंशवाद की राजनीति पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “हमें ये नहीं भूलना है कि आजादी के बाद अच्छे काम को एक ही परिवार के नाम से योजना पनपी. एक ही परिवार, उनकी ही मूर्तियां, यही सब चला. भाजपा ने देश को इस प्रवृति से बाहर निकाला है.” उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि इन दलों ने बाबा साहेब अंबेडकर की विरासत को मिटाने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा ने इतिहास को मिटने नहीं दिया। पीएम ने यह भी याद दिलाया कि उनकी सरकार ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नरसिम्हा राव, प्रणव मुखर्जी, मुलायम सिंह यादव और तरुण गोगोई जैसे नेताओं को राष्ट्रीय सम्मान दिया, जबकि कांग्रेस के राज में भाजपा नेताओं को अपमान मिलता था।
अंत्योदय और इंफ्रास्ट्रक्चर पर अटल जी का विजन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ और एकात्म मानववाद के दर्शन को अपनी सरकार का आधार बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज 95 करोड़ लोग सरकारी सुरक्षा कवच के दायरे में हैं, जबकि 2014 से पहले यह संख्या मात्र 25 करोड़ थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 55 करोड़ लोग जुड़े हैं और संकट के समय गरीबों को 25,000 करोड़ रुपये का क्लेम मिला है। इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अटल जी ने गांवों को सड़कों से जोड़ने और टेलीकॉम क्रांति का सपना देखा था। उसी का नतीजा है कि आज गांवों में 8 लाख किलोमीटर सड़कें बनी हैं और “11 सालों में भारत दुनिया के सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन गया है.”
‘ऑपरेशन सिंदूर वाली मिसाइल अब लखनऊ में बन रही है’
उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने ‘डिफेंस कॉरिडोर’ को राज्य की नई पहचान बताया। हाल ही में हुए सैन्य एक्शन का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यूपी में बहुत बड़ा डिफेंस कॉरिडोर बना रहा है. ऑपरेशन सिंदूर में जिस ब्रह्मोस मिसाइल का जलवा देखा वो अब लखनऊ में बन रही है. वो दिन दूर नहीं, जब यूपी का डिफेंस कॉरिडोर दुनिया भर में जाना जाएगा.” इसके अलावा पीएम मोदी ने महाराजा बिजली पासी की जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल भारत के आत्मसम्मान और सेवा का प्रतीक है।