फिरोजाबाद में धोखाधड़ी का बड़ा मामला, SIR के नाम पर भाई ने करा ली बहन के मकान और दुकान की रजिस्ट्री

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में विधानसभा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया के नाम पर एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक महिला को उसके ही सगे भाई ने SIR फॉर्म भरने का भय दिखाकर उसके मकान और दुकान का बैनामा अपने नाम करा लिया। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है और रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए अदालत पहुंची है।

कैसे दी गई धोखाधड़ी को अंजाम?

  • पीड़िता: सरताज खानम गुरुग्राम में रहकर सिलाई का काम करती हैं और उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से रसूलपुर थाना क्षेत्र के नालबंद चौराहा स्थित एक मकान और दुकान खरीदी थी।
  • भाई की चाल: आरोप है कि पीड़िता के भाई आजाद ने उसकी अनपढ़ता का फायदा उठाया। आरोपी भाई गुरुग्राम पहुंचा और सरताज को SIR यानी मतदाता सूची पुनरीक्षण का भय दिखाया।
  • डराने की बात: भाई ने कहा कि “सरकार SIR फॉर्म भरने वालों की जांच कर रही है, अगर फॉर्म नहीं भरा तो देश से बाहर भेज दिया जाएगा देश से भी निकाला जा सकता है।” यह सुनकर डर गई सरताज अपने भाई के साथ फिरोजाबाद आ गईं।

तहसील में हुई धोखाखड़ी

पीड़िता ने बताया कि भाई उसे सीधे तहसील ले गया, जहां कागज अपडेट कराने के नाम पर उससे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए।

  • गिफ्ट का मतलब नहीं समझा: सरताज ने बताया कि तहसील में बस इतना पूछा गया कि क्या वह मकान और दुकान गिफ्ट कर रही है, लेकिन सरताज गिफ्ट का मतलब नहीं समझ सकी और हस्ताक्षर कर दिए।
  • छलपूर्वक रजिस्ट्री: उसके बाद पता चला कि SIR फॉर्म नहीं, बल्कि मकान और दुकान की रजिस्ट्री भाई के नाम चढ़ चुकी थी। सरताज खानम ने कहा, “मैं अनपढ़ हूं, कागज का मतलब नहीं समझ सकी। उसने धोखे से मेरा मकान–दुकान अपने नाम करा लिया।”

विरोध पर जान से मारने की धमकी

पीड़िता के विरोध करने पर भाई ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। सरताज ने एसएसपी फिरोजाबाद को शिकायती पत्र भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं महिला ने विवादित रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए न्यायालय में वाद दायर कर दिया है।

सरताज खानम का कहना है कि उसने जीवनभर की कमाई से मकान और दुकान खरीदे थे, जिन्हें उसके अपने भाई ने ही छलपूर्वक छीन लिया। फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *