बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को मिली प्रचंड जीत के बाद, अब नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बीच सीएम पद को लेकर उठ रहे कयासों पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया है।
“नीतीश कुमार का CM बनना फाइनल”
उपेंद्र कुशवाहा ने स्पष्ट दावा किया है कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुख्यमंत्री पद से जुड़े सवालों को ‘बेमतलब’ करार दिया। उन्होंने जोर देकर कहा, “वो लगातार इस बात को कह रहे हैं, ऐसे में इस तरह के सवालों का कोई मतलब नहीं है। नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री बनना फाइनल है।”
अखिलेश यादव पर तंज: वोट चोरी का मुद्दा ‘फालतू’
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बिहार चुनाव में वोट चोरी के आरोपों पर उपेंद्र कुशवाहा ने तीखा पलटवार किया।
उन्होंने कहा, “किसकी वोट चोरी हुई है? जनता कहेगी तभी वोट चोरी का माना जाएगा, जनता कह ही नहीं रही है। अगर वोट चोरी होती तो लोग बोलते न? जिसके घर में डाका डालने की बात कर रहे हैं, उसके घर में डाका हुआ ही नहीं है।”
उन्होंने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा, “अब तो उनको (अखिलेश यादव) समझ में आ जाना चाहिए था कि ये (वोट चोरी) फालतू का मुद्दा है। अब इसी तरह का मुद्दा लेकर चलेंगे तो यही दुर्गति होगी। अभी भी होश में नहीं हैं तो भगवान मालिक हैं।”
लालू परिवार की कलह पर बोले कुशवाहा
लालू यादव के परिवार में चुनाव परिणाम के बाद आई कलह और रोहिणी आचार्य के बयानों पर उपेंद्र कुशवाहा ने टिप्पणी की।
उन्होंने कहा, “ये उनके परिवार का आंतरिक मामला है। इस पर हम क्या टिप्पणी करें? लेकिन इस तरह की स्थिति उनके परिवार में पैदा हुई है तो इसके जिम्मेवार तो वही लोग हैं। खुद ही जिम्मेवार हैं।”
कुशवाहा ने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा, “जनता चीजों को देख रही हैं। परिवार की ही स्थिति को नहीं संभाल पा रहा हैं तो बिहार की सेवा क्या करेंगे? इसलिए जनता ने उनको रिजेक्ट किया। इसमें कई कारणों में से एक बड़ा कारण यह भी है।”
उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का प्रदर्शन
बिहार चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM ने 4 सीटें जीती हैं। उनकी पत्नी स्नेहलता सासाराम सीट से, रामेश्वर कुमार महतो बाजपट्टी से, माधव आनंद मधुबनी से और आलोक कुमार सिंह दिनारा से विधायक बने हैं।