Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगजनी और आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने फायर सर्विस विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि प्रत्येक रीजन में स्पेशलाइज्ड यूनिट गठित की जाए, जो केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल हादसों और सुपर हाईराइज बिल्डिंग जैसी परिस्थितियों से निपटने में सक्षम हो.
फायर सर्विस को बनाया जाएगा ‘मल्टी-रिस्पॉन्स यूनिट’
सीएम योगी ने कहा कि फायर सर्विस को अब केवल आग बुझाने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपात सेवाओं के समेकित स्वरूप में विकसित किया जाए.
उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग को अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित जनशक्ति से लैस किया जाए, ताकि हर परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो.
नए पदों के सृजन से मिलेगी नई ताकत
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद विभाग में राजपत्रित संवर्ग के 98 और अराजपत्रित संवर्ग के करीब 922 नए पद सृजित होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है.
इन पदों के सृजन से फायर सर्विस की जनसेवा और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है.
सीएम योगी ने यह भी कहा कि प्रत्येक जिले में अकाउंट कैडर स्थापित किया जाए, ताकि प्रशासनिक पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित हो सके.
प्रशिक्षण व अनुसंधान पर भी जोर
योगी आदित्यनाथ ने राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण महाविद्यालय में अतिरिक्त पद सृजित कर प्रशिक्षण और अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित मानव संसाधन ही किसी भी आपदा के समय त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित कर सकता है.
एक्सप्रेस-वे पर हर 100 किमी पर बनेगी फायर चौकी
सीएम ने एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए निर्देश दिया कि हर 100 किलोमीटर की दूरी पर एक फायर चौकी स्थापित की जाए, जिसमें फायर टेंडर और राहत सामग्री उपलब्ध हो.
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद “गोल्डन ऑवर” के भीतर राहत कार्य शुरू होना बेहद जरूरी है.
कई एयरपोर्ट पर तैनात की गई नई इकाइयां
बैठक में बताया गया कि कुशीनगर, आजमगढ़, श्रावस्ती, कानपुर नगर, अयोध्या, अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और सोनभद्र एयरपोर्ट पर पहले ही नई अग्निशमन इकाइयां तैनात की जा चुकी हैं.
योगी का स्पष्ट संदेश: जनसुरक्षा सर्वोपरि
सीएम योगी ने कहा कि फायर सर्विस सीधे जनता के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा विभाग है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग का पुनर्गठन समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि जनता को इसका लाभ जल्द मिल सके.