Lucknow News: अयोध्या दीपोत्सव को लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश ने सवाल उठाया कि आखिर राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्रियों—केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक—को कार्यक्रम से क्यों नजरअंदाज किया गया? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अबकी बार, डिप्टी सीएम बाहर!”
विज्ञापन से गायब नामों पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा,
“जिनको जगह तक न मिली इश्तहार में, उनकी क्या अहमियत बची सरकार में? जनता पूछ रही है कि यूपी बीजेपी सरकार में ‘उप मुख्यमंत्री’ के दोनों पद समाप्त कर दिए गए हैं क्या?”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि विज्ञापन में कनिष्ठ मंत्रियों के नाम तो शामिल हैं, लेकिन उपमुख्यमंत्रियों का नाम तक नहीं है। अखिलेश ने लिखा कि यह सरकार की “प्रभुत्ववादी सोच” को दर्शाता है, जहां अपने ही साथियों को साइडलाइन कर दिया जाता है।
‘डबल इंजन नहीं, डबल डिब्बे टकरा रहे हैं’
सपा अध्यक्ष ने बीजेपी की अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए कहा,
“बीजेपी में सिर्फ डबल इंजन ही नहीं, अब इंजन से डबल डिब्बे भी टकरा रहे हैं। मुख्यमंत्री अपने उपमुख्यमंत्रियों को ही भूल गए हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह रवैया बीजेपी के भीतर बढ़ती गुटबाजी और अहंकार को दर्शाता है।
अयोध्या सांसद को न बुलाने पर भी सवाल
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि अयोध्या दीपोत्सव जैसे ऐतिहासिक कार्यक्रम में अयोध्या के सांसद को आमंत्रित न करना भाजपा की “वर्चस्ववादी सोच” का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अब अपने ही लोगों की “सगी नहीं रही” और इस निर्णय से पूरा समाज आहत हुआ है।
पहले भी साध चुके हैं निशाना
यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम को लेकर सवाल उठाए हैं। वह पहले भी कई बार केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक की भूमिका पर टिप्पणी कर चुके हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने दीपोत्सव जैसे बड़े आयोजन में दोनों नेताओं की अनदेखी को सरकार के अंदरूनी मतभेद का सबूत बताया।