वीडियो वायरल: दिवाली पर राहुल गांधी बने हलवाई, इमरती और लड्डू बनाते हुए बोले– रिश्तों में हो असली मिठास

New Delhi News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस बार दिवाली का त्योहार कुछ अलग अंदाज में मनाया। सोमवार (20 अक्टूबर, 2025) को उन्होंने पुरानी दिल्ली की मशहूर घंटेवाला स्वीट शॉप पहुंचकर खुद अपने हाथों से इमरती और बेसन के लड्डू बनाए। राहुल गांधी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा—

“पुरानी दिल्ली की मशहूर और ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाइयों की दुकान पर इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में हाथ आजमाया। सदियों पुरानी इस प्रतिष्ठित दुकान की मिठास आज भी वही है—खालिस, पारंपरिक और दिल को छू लेने वाली। दीपावली की असली मिठास सिर्फ थाली में नहीं, बल्कि रिश्तों और समाज में भी होती है।”

वीडियो में राहुल गांधी मिठाई बनाते और दुकान के मालिक से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार की “असली मिठास” रिश्तों और समाज में होनी चाहिए।

मिठाईवाले ने कहा– “अब बस आपकी शादी का इंतजार”

घंटेवाला स्वीट शॉप के मालिक ने राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान हंसी-मजाक करते हुए कहा,

“हमने आपके नाना जवाहरलाल नेहरू, दादी इंदिरा गांधी, पापा राजीव गांधी और दीदी प्रियंका गांधी को सर्व किया है। अब बस एक चीज का इंतजार है—आप जल्दी शादी करिए। आपकी शादी की मिठाई भी हमसे लीजिए, हम उसी दिन का इंतजार कर रहे हैं।”

राहुल गांधी इस पर मुस्कुराकर चुप रहे, लेकिन दुकान का यह मजेदार संवाद अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

राहुल गांधी का अनोखा दिवाली संदेश

राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली सिर्फ दीयों और मिठाइयों का नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और एकता का त्योहार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस त्यौहार को समाज में प्यार और सद्भाव फैलाने का माध्यम बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *