नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के बयान ने भारत में सियासी घमासान खड़ा कर दिया है। अफरीदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि “राहुल गांधी पाकिस्तान के डार्लिंग हैं, पाकिस्तानी लोग उन्हें अपना नेता बना सकते हैं।”
शाहिद अफरीदी ने की राहुल गांधी की तारीफ
समा टीवी को दिए इंटरव्यू में शाहिद अफरीदी ने राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा, “राहुल गांधी बहुत ही पॉजिटिव माइंडसेट वाला आदमी है। वह बातचीत के जरिए पूरी दुनिया के साथ चलना चाहता है।” अफरीदी ने मोदी सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि भारत “दूसरा इजरायल बनने की कोशिश कर रहा है” और पाकिस्तान के साथ वैसा ही व्यवहार कर रहा है जैसा इजरायल गाजा के साथ करता है।
रिजिजू का पलटवार
अफरीदी के इस बयान पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पाकिस्तान के लोग राहुल गांधी को अपना नेता बना सकते हैं। रिजिजू ने कहा कि पाकिस्तान की इंटरनेशनल बेइज्जती के बीच वहां के नेता और खिलाड़ी भारत विरोधी जहर उगल रहे हैं।
एशिया कप के मैच से जुड़ा विवाद
यह पूरा विवाद एशिया कप के मैच के बाद शुरू हुआ, जब भारतीय टीम ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी और खिलाड़ी सीधे ड्रेसिंग रूम चले गए। भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया, जिसके चलते पाकिस्तान में इसे लेकर बवाल मच गया।
पीसीबी ने आईसीसी से की शिकायत
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस विवाद की जिम्मेदारी जिम्बाब्वे के रैफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट पर डालते हुए आईसीसी से उन्हें हटाने की मांग की थी। पीसीबी ने यहां तक धमकी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह टूर्नामेंट से हट सकता है। हालांकि, आईसीसी ने पीसीबी की मांग ठुकरा दी।