बेंगलुरु में पीएम मोदी का मेगा शहरी कनेक्टिविटी मिशन, तीन वंदे भारत और नई मेट्रो लाइन से बदलेगा सफर का अंदाज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के बेंगलुरु दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने शहरी कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाले 23,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान केएसआर रेलवे स्टेशन से तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का शुभारंभ भी किया।

येलो लाइन से जुड़ा बेंगलुरु का नया सफर

पीएम मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो फेज-2 के अंतर्गत आरवी रोड (रागीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा तक की येलो लाइन का उद्घाटन किया। 19 किलोमीटर से अधिक लंबी इस लाइन में 16 स्टेशन हैं और इसके निर्माण पर लगभग 7,160 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके शुरू होने के बाद बेंगलुरु मेट्रो का नेटवर्क अब 96 किलोमीटर तक पहुंच गया है। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ आरवी रोड से इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन तक यात्रा भी की।

फेज-3 मेट्रो प्रोजेक्ट की रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो फेज-3 परियोजना का शिलान्यास भी किया। लगभग 15,610 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह 44 किलोमीटर लंबी लाइन 31 एलिवेटेड स्टेशनों से सुसज्जित होगी। इसके शुरू होने से शहर के ट्रैफिक बोझ में कमी आएगी और रिहायशी, औद्योगिक एवं शैक्षणिक इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात

केएसआर रेलवे स्टेशन से पीएम मोदी ने तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस और नागपुर (अजनी)-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक सफर का अनुभव मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *