अगर हमारे एटम बम फटे तो चुनाव आयोग को छिपने की जगह नहीं मिलेगी: राहुल गांधी का बड़ा धमाका

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 2024 के आम चुनावों को लेकर ऐसा धमाका किया है, जिससे सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग (ECI) पर सीधे तौर पर “वोट चोरी” का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पास ऐसे दस्तावेज़ और डेटा हैं, जो “एटम बम की तरह हैं” — और जब ये फटेंगे तो चुनाव आयोग को “छिपने की जगह नहीं मिलेगी।”

राहुल गांधी बोले: 2024 का चुनाव गड़बड़ी से भरा था, अब हमारे पास सबूत हैं

कांग्रेस नेता ने एक राष्ट्रीय विधिक सम्मेलन में कहा, “हमने एक लोकसभा सीट की वोटर लिस्ट खंगाली। 6.5 लाख वोटर्स में से 1.5 लाख फर्जी निकले। यह सिर्फ एक सीट की बात नहीं, बल्कि पूरे देश में सुनियोजित गड़बड़ी का हिस्सा है।”

‘अगर 15-20 सीटें कम होतीं, तो मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते’

राहुल गांधी ने कहा कि यदि बीजेपी को 15-20 सीटें कम मिलतीं, तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा और अब “भारत में चुनाव आयोग मर चुका है।”
उनके मुताबिक, “अब यह संस्था सरकार के दबाव में काम कर रही है और निष्पक्ष चुनाव नहीं करा सकती।”

2014 से शक था, अब मिला है एटम बम

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें 2014 से ही संदेह था कि कुछ गड़बड़ हो रही है, लेकिन सबूत नहीं थे।
“जब हम हारते थे, तो लोग पूछते थे — सबूत कहां हैं? अब हमारे पास सबूत हैं। और हम इसे पूरे देश को दिखाएंगे,” उन्होंने कहा।

महाराष्ट्र बना टर्निंग पॉइंट

उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार ने उन्हें गंभीर जांच की दिशा में प्रेरित किया।
“लोकसभा में जीत मिली, लेकिन चार महीने बाद विधानसभा में हार। फिर हमने देखा कि उस दौरान एक करोड़ नए वोट जुड़े, जिनमें से ज़्यादातर बीजेपी को गए। अब कोई शक नहीं कि गड़बड़ी हुई,” राहुल बोले।

राहुल गांधी का आरोप: वोटर लिस्ट को स्कैन या कॉपी नहीं किया जा सकता

राहुल ने सवाल उठाया कि “आखिर चुनाव आयोग वोटर लिस्ट को स्कैन और कॉपी करने से क्यों रोकता है? अगर सबकुछ पारदर्शी है, तो ये सुरक्षा किसलिए?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *