
दक्षिण दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रमेश बिधूड़ी संसद में अपने विवादित बोल की वजह से घिर गए हैं। उन्होंने बैठे-बिठाए विपक्ष को सत्ताधारी दल पर हमलावर होने का मौका दे दिया है।
किरकिरी के बीच पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए ऐक्शन का संकेत दे दिया है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी उन्हें आगे इस तरह की बात करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब बिधूड़ी ने विवादित बातें की हैं।
बात जुलाई 2014 की है। संसद में बिधूड़ी ने बेहद आपत्तिजनक बयान दिया था और एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी से भिड़ गए थे। बिधूड़ी ओवैसी से उलझने के लिए ना सिर्फ उनकी ओर दौड़ पड़े थे बल्कि यहां तक कह दिया था कि विपक्ष के कुछ सांसदों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए। कुछ सदस्यों ने दोनों को पकड़ लिया था। बिधूड़ी की इस बात पर जमकर हंगामा हुआ था। स्पीकर सुमित्रा महाजन को सदन की कार्यवाही स्थगति करनी पड़ी थी। हालांकि, तब बिधूड़ी ने माफी मांग ली थी। उन्होंने कहा था, ‘मैं सदन की मर्यादा के मद्देनजर किसी व्यक्ति विशेष और समाज की भावनाओं के मद्देनजर ऐसी बात नहीं कही। लेकिन सदन को ऐसा लगा है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।’
2003 से 2014 तक दिल्ली में भाजपा के विधायक और फिर 2014 और 2019 में सांसद चुने गए बिधूड़ी का विवादों से पुराना नाता रहा है। अपने बयानों को लेकर वह कई बार सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में संसद में उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दुर्योधन कह दिया था और उनके कद पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। स्कूल की समस्या को लेकर पहुंचे एक माता-पिता से उन्होंने कहा दिया था कि बच्चे पैदा क्यों किए? मुसलमानों को लेकर वह पहले भी कई बार विवादित बातें बोल चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जब मुसलमान अल्पसंख्यक होते हैं तो मानवाधिकार की बात होती है और बहुमत में आते ही खूनखराबा शुरू हो जाता है।
बिधूड़ी ने गुरुवार को लोकसभा में बसपा के सांसद दानिश अली के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बाद में उन शब्दों को कार्यवाही से हटा दिया। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन में बिधूड़ी की टिप्पणी पर खेद जताया था। मुस्लिम सांसद के बारे में बिधूड़ी की विवादास्पद टिप्पणी का वीडियो वायरल हो गया है और विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ सदन से निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने उन्हें आगाह किया है और इस तरह आगे किया तो बख्शा नहीं जाएगा। पार्टी ने भी बिधूड़ी को कारण बताओ नोटिस दिया है।