लखीमपुर, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार कर लिया गया है। लखीमपुर जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के अछनिया गांव निवासी युवक तैयब खान ने अपनी फेसबुक आईडी पर पाकिस्तान जिंदाबाद और मोदी मुर्दाबाद जैसे भड़काऊ पोस्ट के साथ सीएम योगी को धमकी दी थी। पोस्ट में लिखा था – “सीएम योगी तुम्हारी अब खैर नहीं है, तुमको हम बम से उड़ा देंगे।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी भरा पोस्ट
यह आपत्तिजनक पोस्ट सोमवार को वायरल हो गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों ने इस पर कड़ा विरोध जताया और युवक की गिरफ्तारी की मांग की।
पूर्व प्रधान का भतीजा, सपा नेता की बस में करता है काम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी तैयब खान गांव के पूर्व प्रधान का भतीजा है और एक सपा नेता की बस में परिचालक के रूप में कार्यरत है। उसके पोस्ट का स्क्रीनशॉट इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ, जिससे पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर किया गिरफ्तार
नीमगांव थाना प्रभारी आलोक धीमान ने बताया कि युवक के खिलाफ आईटी एक्ट और देशद्रोह सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने की शांति की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और देश विरोधी पोस्ट करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।