मुझे कहा था घर जाओ, खाना बनाओ; सुप्रिया सुले बोलीं- भाजपा का ऐसा है माइंडसेट

महिला आरक्षण बिल को लेकर संसद में जोरदार चर्चा चल रही है। इस बिल को लेकर विपक्ष के नेता बिल का समर्थन जरूर कर रहे हैं लेकिन, भाजपा पर हमला करने से नहीं चूक रहे।

भाजपा पर ताजा हमला बोलते हुए एनसीपी सांसद और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने भाजपा पर महिलाओं के खिलाफ गलत सोच का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये भाजपा ही है, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष ने मुझे कहा था कि घर जाओ और खाना बनाओ। सुप्रिया सुले ने यह बयान भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के उस बयान के जवाब में दिया। जिसमें दुबे ने संसद में बिल पर चर्चा के दौरान कहा था कि इंडिया उन लोगों के पक्ष में है जो महिलाओं को नीचा दिखाते थे और अपमानजनक बातें करते थे।

मंगलवार को भाजपा ने गणेश चतुर्थी के मौके पर नए संसद में कार्यवाही के पहले दिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम पेश किया। लोकसभा ने इस बिल पर चर्चा के लिए आज का दिन तय किया है। सदन में विपक्ष की तरफ से सबसे पहले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया और कहा कि कांग्रेस इस बिल पर सरकार के साथ है। हालांकि चर्चा के दौरान सोनिया गांधी ने बिल में ओबीसी महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की मांग की। सोनिया गांधी ने दावा किया कि इस बिल को सबसे पहले पूर्व पीएम दिवंगत राजीव गांधी ही संसद में लाए थे। यह उनका सपना था, जो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने हर बार इस बिल को पास कराने की कोशिश की लेकिन, ऐसा नहीं हो पाया।

जवाब में निशिकांत दुबे ने सोनिया गांधी पर काउंटर अटैक किया। आरोप लगाया कि 2012 में पदोन्नति में कोटा पर बहस के दौरान सदन में अराजकता के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने समाजवादी पार्टी के एक सदस्य का “कॉलर पकड़ने की कोशिश” की थी। इंडिया ब्लॉक पर कटाक्ष करते हुए, दुबे ने कहा कि जब तत्कालीन यूपीए सरकार 2011 में लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक लेकर आई थी, तब कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा के वेल में अपने सहयोगियों की पिटाई की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *