एक्शन में योगी सरकार: रेप और हत्या के आरोपी पूर्व भाजपा नेता की सम्पत्ति पर चलेगा बुलडोजर

यूपी में अपराधियों पर योगी सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। महाराजगंज में किशोरी से रेप और उसके पिता की हत्या के मामले में फरार पूर्व भाजपा नेता राही मासूम रजा की अवैध सम्पत्ति पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है।

प्रारम्भिक जांच में पूर्व भाजपा नेता पर अवैध ढंग से मकान बनवाने का आरोप है। नक्शा समेत कई विसंगतियां सामने आने के बाद विनियमित क्षेत्र ने नोटिस भी जारी किया है। शनिवार को इसको लेकर सरगर्मियां बनी रहीं।

भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे के पूर्व जिलाध्यक्ष राही मासूम रजा के खिलाफ उनके ही मकान में किराये पर रहने वाली युवती ने दुष्कर्म, पिता की हत्या व छोटी बहन के साथ छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया है। सीओ सदर अजय सिंह चौहान केस की विवेचना कर रहे हैं। इस मामले में कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित और लाइनहारजिर किया गया है, जबकि एक सिपाही समेत दो को जेल भेजा जा चुका है। पीड़िता के दो बार बयान हो चुके हैं। अब पुलिस प्रशासन ने आरोपी नेता के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। उसकी अवैध संपत्ति ध्वस्त करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए नोटिस जारी कर दिया गया है।

शहर के वीरबहादुर नगर में हैं आरोपी नेता के दो मकान

दलित युवती के साथ गंभीर आपराधिक आरोप में केस दर्ज होने के बाद भाजपा ने राही मासूम रजा की प्राथमिक सदस्यता को निरस्त करते हुए पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक छानबीन में पूर्व भाजपा नेता की अवैध सम्पत्तियां भी जांच के रडार पर आ चुकी है। शहर के वीर बहादुर नगर में उसके दो मकान हैं। इनमें से एक के बारे में यह जानकारी सामने आ रही है कि अवैध ढंग से निर्माण कराया गया है। नक्शा आदि में भी विसंगतियां हैं। एसडीएम सदर दिनेश मिश्र का कहना है कि पहले भी नोटिस जारी किया जा चुका है। नियमों के आलोक में कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *