
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश के सुदूरवर्ती पूर्वी अमूर क्षेत्र में स्थित वोस्तोचनी कॉस्मोड्रोम में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से बुधवार को मुलाकात की।
यह मुलाकात दर्शाती है कि अमेरिका के साथ जारी टकराव के बीच दोनों नेताओं के हित कैसे एक हो रहे हैं। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए बताया कि किम उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग से अत्याधुनिक सुविधाओं और भारी हथियारों से लैस ट्रेन से लाई गई लिमोजीन के जरिये वोस्तोचनी कॉस्मोड्रोम पहुंचे।
एजेंसी के मुताबिक, कॉस्मोड्रोम में मौजूद पुतिन ने उत्तर कोरियाई नेता का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनसे हाथ मिलाया और कहा कि उन्हें किम को देखकर बहुत खुशी हो रही है। रूस की सरकारी मीडिया ने बताया कि किम ने ”व्यस्तता के बावजूद” उन्हें रूस आने का निमंत्रण देने के लिए पुतिन का आभार जताया।
सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नेता कॉस्मोड्रोम का निरीक्षण करने के बाद बातचीत शुरू करेंगे। दोनों नेताओं की बैठक से कुछ देर पहले उत्तर कोरिया ने समुद्र में दो बैलिस्टिक मिसाइल दागी हैं।
उधर, यूक्रेन ने भी रूस के कब्जे वाले क्रीमिया के सेवस्तोपोल में एक नौसैनिक शिपयार्ड पर मिसाइल अटैक कर दिया। इस हवाई हमले में कम से कम 24 रूसी नौसैनिक घायल हो गए हैं। शिपयार्ड में बड़े पैमाने पर आग लग गई। इससे पूरा आसमान धुआं-धुआं हो गया। मास्को-स्थापित बंदरगाह शहर सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल रज़वोज़ायेव ने इसकी पुष्टि की है।
गवर्नर रज़वोज़ायेव ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर कहा कि यूक्रेन ने बुधवार सुबह तड़के एक मिसाइल अटैक किया है। रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने उसे पीछे हटाने का प्रयास किया था लेकिन सफल नहीं हो सका। गवर्नर के मुताबिक, इस हमले में आम नागरिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
बता दें कि सेवस्तोपोल क्रीमिया का सबसे बड़ा शहर और एक प्रमुख बंदरगाह है जहां रूस का काला सागर नौसैनिक बेड़ा का बेस है। यूक्रेन के अधिकारियों ने क्रीमिया को रूसी नियंत्रण से वापस लेने का वादा किया है और हाल के हफ्तों में इस प्रायद्वीपीय क्षेत्र पर हवाई और समुद्री हमले बढ़ा दिए हैं। कई रूसी टेलीग्राम समाचार निगरानी चैनलों ने बताया कि सेवस्तोपोल शिपयार्ड, जो रूस के काला सागर बेड़े के जहाजों और पनडुब्बियों का निर्माण और मरम्मत करता है, में हमले के बाद भयंकर आग लग गई है।