महंगाई के मोर्चे पर अच्छी खबर: अगस्त में खुदरा महंगाई गिरकर 6.83% पर

महंगाई के मोर्चे पर अगस्त में थोड़ी राहत मिली है। सब्जियों व अन्य खाद्य सामग्री के दाम घटने से रिटेल महंगाई दर अगस्त में घटकर 6.83% पर आ गई। हालांकि, अब भी यह आरबीआई के दायरे के बाहर है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में खाद्य मुद्रास्फीति घटकर 9.94 प्रतिशत रही, जो जुलाई में 11.51 प्रतिशत थी। वहीं, ग्रामीण महंगाई दर 7.63 पर्सेंट से घटकर 7.02 पर्सेंट और शहरी महंगाई दर 7.20 पर्सेंट से घटकर 6.59 पर्सेंट पर आ गई।

मुद्रास्फीति दर 4% लाने पर फोकस
बता दें कि आरबीआई मंहगाई दर को लेकर काफी गंभीर है। रिजर्व बैंक का टारगेट इसे 4% पर लाने का है। हाल ही में आरबीआई गवर्नर ने कहा था कि सब्जियों की कीमतें घट रही है। यह मुद्रास्फीति को नीचे लाने में मददगार साबित होंगी। बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने 2023-24 के लिए खुदरा मुद्रास्फीति के 5.4% रहने का अनुमान लगाया है। बता दें कि जुलाई 2023 में भारत की खुदरा मुद्रास्फीति दर 7.44 प्रतिशत रही थी, जबकि जून 2023 में खुदरा मुद्रास्फीति दर 4.81 प्रतिशत थी।

जुलाई में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन 5.7% बढ़ा
देश का औद्योगिक उत्पादन (IIP) जुलाई महीने में 5.7 प्रतिशत बढ़ा है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, आईआईपी के आधार मापे जाने वाले औद्योगिक उत्पादन में पिछले साल इसी महीने में 2.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।आंकड़ों के मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रोडक्शन जुलाई 2023 में 4.6 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं माइनिंग प्रोडक्शन में 10.7 प्रतिशत और बिजली प्रोडक्शन में 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *