
इज़रायली सेना ने सोमवार को कहा कि लेबनान से सीमा पार गोले दागे जाने के कारण तेल अवीव सहित पूरे मध्य इज़रायल में हवाई हमले के सायरन सक्रिय कर दिए गए। सेना ने एक बयान में कहा, “लेबनान से इजरायली क्षेत्र में दागे गए प्रोजेक्टाइल के कारण मध्य इजरायल के कई इलाकों में सायरन बज उठा।” बाद के एक बयान में सेना ने कहा कि “लेबनान से आने वाले कई प्रोजेक्टाइलों को रोकने के कई प्रयास किए गए”। आईडीएफ की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि तीन मिसाइलों को हम रोकने में सफल रहे। हिजबुल्लाह के हमलों से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।लेबनान में युद्ध शुरू होने के बाद से हिजबुल्लाह ने इजरायल पर रविवार की देर शाम सबसे घातक ड्रोन हमला किया। इस हमले के अगले ही दिन हिजबुल्लाह ने एक बार फिर पूरी ताकत से मध्य इजरायल के इलाकों को दहलाया है। इज़रायल और हिजबुल्लाह तब से युद्ध में हैं जब इज़रायल ने 23 सितंबर को लेबनान पर अपने हमले तेज कर दिए और एक हफ्ते बाद सीमा पार जमीनी सेना भेज दी।