
यूपी के मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में आने वाले भक्तों के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे ने कई ट्रेनों को विस्तारित करके मथुरा जंक्शन से चलाने का निर्णय लिया है।इसके अलावा जन्माष्टमी पर रेलवे स्पेशल ट्रेन भी चलाएगा। आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे ने गाड़ी सं. 11901/11902 आगरा कैंट-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट पैसेंजर को मथुरा जंक्शन तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। 25 और 28 अगस्त को दो दिन आगरा कैंट के बजाय मथुरा जंक्शन तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
इसी तरह ट्रेन 26 और 29 अगस्त को आगरा कैंट के बजाय मथुरा जंक्शन से चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा गाडी संख् 14212/14211 नई दिल्ली-आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को 25 से 28 अगस्त तक ग्वालियर तक चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 26 से 29 अगस्त तक ग्वालियर से नई दिल्ली के बीच चलेगी। इसके साथ रेलवे ने 25 से 28 अगस्त तक आगरा कैंट-मथुरा- आगरा कैंट मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा इटावा-आगरा कैंट मेमो ट्रेन को मथुरा जंक्शन तक और आगरा कैंट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमो ट्रेन को मथुरा से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर लोग मथुरा में कृष्ण जन्माभूमि के दर्शन को जाते हैं। इस मौके पर ट्रेनों में काफी भीड़ हो जाती है और लोगों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पाता है। इस लिए रेलवे ने इस मौके पर स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। ट्रेनों की बुकिंग सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर होगी। ट्रेनों के मार्ग, समय, ठहराव और संरचना से सम्बंधित विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर उपलब्ध करायी गई है।