स्टालिन के बयान पर बरसे जेपी नड्डा, बोले- क्या मुंबई में यही रणनीति तैयार हुई है?

 भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर ”घृणा” और ”नफरत” फैलाने और भारत की संस्कृति एवं परंपरा पर हमला करने का आरोप लगाते हुए लोगों से इसे खारिज करने की अपील की।मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के चित्रकुट शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में नड्डा ने लोगों से देश को मजबूत बनाने और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए भाजपा को राज्य विधानसभा चुनाव के साथ ही अगले लोकसभा चुनाव में भी विजयी बनाने का आग्रह किया।

“क्या मुंबई में यही रणनीति तैयार हुई है?”
चित्रकूट से पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना करने से पहले नड्डा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ”एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी ताकत से भारत को विकसित बनाने में लगा है, लेकिन दूसरी तरफ दो-तीन दिन पहले मुंबई में बैठक करने वाला ‘इंडिया’ गठबंधन हमारे धर्म, संस्कृति एवं संस्कारों पर गहरा अघात कर रहा है।” उन्होंने कहा, ”घमंडिया गठबंधन का सबसे बड़ा घटक द्रमुक (तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम) के एम के स्टालिन का बेटा उदयनिधि स्टालिन उद्घोष करता है कि वे सनातन धर्म को खत्म कर देंगे।” नड्डा ने कहा, ”ऐसे घमंडिया गठबंधन को रहने का अधिकार है क्या? क्या सनातन को ऐसे समाप्त होने देंगे? स्टालिन के बेटे ने इसकी तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना वायरस से की।” नड्डा ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर तंज कसते हुए कहा, ”क्या मुंबई में (इनकी) यही रणनीति तैयार हुई है? क्या सनातम धर्म को समाप्त करना ही इनकी रणनीति है? क्या यह ”घमंडिया गठबंधन” की सोची समझी रणनीति है?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *