इंडिया गठबंधन की कमेटियों में शामिल हुए नए सदस्य, कई नामों का हुआ ऐलान

इंडिया गठबंधन ने अपनी वर्किंग कमेटियों में कुछ नए सदस्यों को शामिल किया है। शनिवार को इस बारे में घोषणा की गई। इसके मुताबिक विभिन्न वर्किंग कमेटियों में सात नए सदस्यों को शामिल किया जाएगा।

इससे पहले मुंबई में चली दो दिन की बैठक के बाद इंडिया गठबंधन ने एक 14 सदस्यीय केंद्रीय समन्वय समिति और 19 सदस्यीय कैंपेन कमेटी का ऐलान किया गया था। कैंपेन कमेटी में डीएमके सांसद तिरुचि सिवा और पीडीपी नेता महबूब बेग को शामिल किया गया है। इनके अलावा लिस्ट में कांग्रेस के गुरदीप सिंह सप्पल, जेडीयू के संजय झा, शिवसेना-यूबीटी के अनिल देसाई, आरजेडी के संजय यादव, एनसीपी के पीसी चाको, जेएमएम के चंपाई सोरेन, सपा के किरणमोय नंदा, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह और सीपीआई-एम के अरुण कुमार हैं।

इसी तरह सोशल मीडिया टीम में डीएमके के दयानिधि मारन और आरजेडी के नेता रोहित जाखड़ को शामिल किया गया है। इससे पूर्व इस टीम में कांग्रेस की सुप्रिया श्रीनेत, आरजेडी के सुमित शर्मा, सपा के आशीष यादव और राजीव निगम, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा, जेएमएम के अविनदानी, पीडीपी की इल्तिजा महबूबा थीं। मीडिया वर्किंग ग्रुप में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और डीएमके नेता कनिमोझी करुणानिधि को शामिल किया गया है। इस लिस्ट में कांग्रेस के जयराम रमेश, आरजेडी के मनोज झा, शिवसेना-यूबीटी के अरविंद सावंत, एनसीपी के जितेंद्र अह्वाड, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा, जेडीयू के राजीव रंजन, सीपीआईएम के प्रांजल, सपा के आशीष यादव, जेएमएम के सुप्रियो भट्टाचार्य और आलोक कुमार, जेडीयू के मनीष कुमार, सपा के राजीव निगम और सीपीआई के भालचंद्रन कांगो शामिल थे।

इसी तरह से शोध के वर्किंग ग्रुप में डीएमके नेता ए राजा को शामिल किया गया है। इस ग्रुप में पहले से कांग्रेस के अमिताभ दुबे, आरजेडी के सुबोध मेहता, शिवसेना-यूबीटी की प्रियंका चर्तुवेदी, एनसीपी की वंदन च्व्हाण, जेडीयू के केसी त्यागी, जेएमएम के सुदिव्य कुमार सोनू, आम आदमी पार्टी के जैस्मीन शाह, सपा के आलोक रंजन और एनसी के इमरान नबी शामिल थे। अपनी दो दिवसीय बैठक के दौरान, इंडिया गठबंधन ने आगामी लोकसभा चुनाव जहां तक संभव हो एक साथ लड़ने का फैसला किया। साथ ही कहा कि विभिन्न राज्यों में सीटों के बंटवारे की व्यवस्था तुरंत शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *