
देश को रक्षा उत्पाद के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए यूपी में आकार ले रहे रक्षा औद्योगिक गलियारे में योगी सरकार विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास कर रही है। इसके लिए सरकार की ओर 950 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं।
इसके तहत डिफेंस कॉरिडोर में सड़क, बिजली, पानी, सीवर और सुरक्षा के उच्चकोटि के प्रबंध किए जा रहे हैं। अब तक करीब 187 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो गए हैं। वहीं 537 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य निर्माणाधीन हैं।
झांसी नोड में सर्वाधिक 517 करोड़ हो रहे खर्च
यूपीडा द्वारा अलीगढ़, कानपुर, झांसी, लखनऊ और चित्रकूट नोड में 941.19 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसमें अलीगढ़ नोड के लिए 122 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये जा रहे हैं। यहां 37 करोड़ से अधिक के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 61 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य निर्माणाधीन हैं। कानपुर नोड के लिए 62 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये जाएंगे। झांसी के लिए सर्वाधिक 517 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य हो रहे हैं।
लखनऊ नोड में 82 करोड़ के कार्य निर्माणाधीन
वहीं लखनऊ नोड की बात करें तो यहां 166 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य हो रहे हैं, जिसमें से 14 करोड़ से अधिक के कार्य हो चुके हैं, जबकि 82 करोड़ से अधिक के कार्य निर्माणाधीन हैं। यहां पर 13 करोड़ से अधिक के कार्यों का टेंडर हो चुका है, जबकि 56 करोड़ रुपये से अधिक आगामी कार्यों के लिए रखे गए हैं। इसी प्रकार चित्रकूट नोड में 71 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। यहां पर 39 लाख रुपये के कार्य निर्माणाधीन हैं, जबकि 10 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का टेंडर हो चुका है। यहां 61 करोड़ रुपये से अधिक आगामी कार्यों के लिए रखे गये हैं।