अंग्रेज भी नहीं कर पाए तो पीएम मोदी भला कैसे, कांग्रेस मुक्त भारत पर बोले राहुल गांधी

मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब अंग्रेज भारत को कांग्रेस मुक्त नहीं कर सके तो भला पीएम मोदी कैसे ऐसा कर सकेंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि जिस तरह से आज अमेरिका सुपरपावर है, उसी तरह कभी इंग्लैंड भी था। लेकिन वह लोग भी भारत को कांग्रेस मुक्त नहीं कर सके। उलटा, कांग्रेस ने अंग्रेजों को भारत से भगा दिया। उन्होंने आगे कहा कि लेकिन पीएम मोदी सोचते हैं कि अडानी संग अपने रिश्तों से वह कांग्रेस को मिटा देंगे। पीएम सोचते हैं कि अडानी के पैसे के बल वह ऐसा करने में सफल रहेंगे।

अडानी को लेकर किया तंज
राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से आगे कहा कि आप सभी लोगों ने दुनिया के सबसे बड़े फाइनेंशियल न्यूजपेपर की हेडिंग देखी होगी। इसमें दावा किया गया है कि एक बिलियन डॉलर भारत से दूसरे देशों में गया और फिर वापस आया। रिपोर्टर ने यह भी दावा किया है कि मोदी जी का अडानी से बहुत पुराना रिश्ता है। उन्होंने कहा कि पूरा देश यह समझ रहा है। राहुल ने कहा कि यहां से पैसे बाहर जाते हैं और अडानी ग्रुप के शेयर के दाम बढ़ते हैं। फिर पैसे वापस आते हैं अडानी जी एयरपोर्ट खरीदते हैं। अडानी ग्रुप के धारावी रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट को निशाना बनाते हुए वरिष्ठ कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि अब वह धारावी में आना चाहते हैं। क्या उन्हें पता भी नहीं होगा कि धारावी क्या है और यहां कौन लोग रहते हैं।

कर्नाटक नतीजों का जिक्र
राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी खत्म हो गई तो कर्नाटक में भाजपा को किसने हराया? मुंबई में कौन सा दल है जो अकेले खड़ा है? उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारी पार्टी नहीं टूटी, क्योंकि हमारी पार्टी आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है। यह दूसरी पाटिर्यों की तरह नहीं है। सभी कांग्रेसियों की नसों में एक ही खून है, निडरता का खून। उन्होंने कहा कि यह शेर और शेरनियों का दल है। संसद में पीएम मोदी और भाजपा सदस्यों का मजाक उड़ाते हुए, राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सदस्य, टीवी पर ज्यादा नहीं दिखाए जाते हैं। वे संसद में मुस्कुराते हैं और हंसते हैं, लेकिन भाजपा सदस्य हमेशा गुस्से में रहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि वे नहीं जानते कि कैसे जीना है।

इंडिया गठबंधन को किया संबोधित
इससे पूर्व इंडिया गठबंधन के सदस्यों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल घटक दल देश की 60 फीसदी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। अगर वे एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे तो भारतीय जनता पार्टी के लिए जीत असंभव हो जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि मैं देख सकता हूं कि जिस तरह से हम चीजों को देख रहे हैं उसमें सभी नेताओं के बीच लचीलापन है। यह गठबंधन जो विचार पेश करने जा रहा है वह एक बार फिर गरीबों को इस देश की प्रगति में शामिल करेगा। उन्होंने अपनी हालिया लद्दाख यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां पर लोगों ने मुझे स्पष्ट रूप से बताया कि प्रधानमंत्री इस तथ्य के बारे में झूठ बोल रहे हैं कि चीन ने भारतीय जमीन नहीं ली है। लद्दाख का एक-एक व्यक्ति जानता है कि भारत के लोगों को, लद्दाख के लोगों को भारत सरकार ने धोखा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *